औद्योगिक विकास मंत्री ने किया नौहझील सीएचसी का निरीक्षण

2022 में भाजपा की फिर होगी सत्ता में वापसी महाना कोरोना काल में किए गए कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी भाजपा

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 05:07 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 05:07 AM (IST)
औद्योगिक विकास मंत्री ने किया नौहझील सीएचसी का निरीक्षण
औद्योगिक विकास मंत्री ने किया नौहझील सीएचसी का निरीक्षण

जागरण टीम, मथुरा: औद्योगिक विकास और जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने गुरुवार को कहा, 2022 के चुनाव में भाजपा की सत्ता में फिर से वापसी होगी। कोरोना काल में किए कार्य और विकास कार्यों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। मंत्री ने कोविड-19 टीकाकरण केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया।

प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने भारत में बनी कोविड-19 वैक्सीन को सुरक्षित बताते हुए कहा, मुख्यमंत्री ने कोविड-19 नियंत्रण के लिए जो कार्ययोजना बनाई, उस पर सभी विभाग कार्य कर रहे हैं। इससे प्रदेश में कोरोना संक्रमण नियंत्रण में चल रहा है। टीकाकरण केंद्रों की व्यवस्था और उपस्थित स्टाफ की सराहना भी की। उन्होंने कहा कि संभावित तीसरी लहर को लेकर सभी व्यवस्थाएं पूरी किए जाने के भी निर्देश दिए। बच्चों के लिए बने पीकू सेंटर में वेंटिलेटर बेड, आक्सीजन की व्यवस्था करने को भी कहा। तीसरी लहर के पूर्व की तैयारी की जानकारी भी चिकित्सकों से ली। उपायुक्त उद्योग रामेंद्र कुमार ने बताया, जिले में 12 आक्सीजन प्लांट लग रहे हैं। इनमें पांच सरकारी और सात प्राइवेट हैं। मंत्री ने ठाकुर बांके बिहारी जी के दर्शन किए। वृंदावन में कहा, आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की सत्ता में फिर से वापसी होगी। पहली बार जनता को मुफ्त राशन, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, किसानों को पानी, सम्मान निधि, 24 घंटे विद्युत आपूर्ति मिल रही है। महिलाओं का सम्मान, सुरक्षा के साथ कानून व्यवस्था में भी सुधार आया। इन्हीं मुद्दे को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। प्रियंका गांधी के महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल पर उनका कहना था, प्रियंका गांधी खाली बैठी हैं। कुछ न कुछ काम तो करेंगी। गोवर्धन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर मरीजों से स्वास्थ्य की जानकारी ली। सीएचसी प्रभारी डा. वीएस सिसौदिया वैक्सीनेशन और डा. शिखा चौधरी ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। अस्पताल के प्रांगण में मंत्री ने पीपल का पौधा रोपकर हरियाली का संदेश दिया। विधायक कारिदा सिंह ने तमाल का पौधा रोपा। नौहझील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निरीक्षण कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. रचना गुप्ता और सीएचसी प्रभारी डा.अनुज चौधरी से कोरोना केस की जानकारी ली। विकास खंड कार्यालय पर विकास कार्यों की समीक्षा की। कृषि बीज भंडार केंद्र पर पौधारोपण किया। डीएम नवनीत चहल मंत्री के साथ मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, महानगर अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, नगेंद्र सिकरवार, भाजपा नेता विनीत शर्मा, पूर्व चेयरमैन मुकेश गौतम, क्षेत्राधिकारी वन ब्रजेश सिंह परमार, परशुराम ठाकुर, केशव मुखिया, हरिओम शर्मा एडवोकेट, मोहन लाल शर्मा, सियाराम शर्मा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, छोटू पार्टी के युवा नेता मनीष जिदल मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी