फर्जी डिग्री से शिक्षक बने चार गिरफ्तार

अभी 20 फर्जी शिक्षक फरार उनकी गिरफ्तारी को भी लगाई टीम

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 05:07 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 05:07 AM (IST)
फर्जी डिग्री से शिक्षक बने चार गिरफ्तार
फर्जी डिग्री से शिक्षक बने चार गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, मथुरा: फर्जी डिग्री तैयार कर शिक्षक की नौकरी पाने में सफल हुए चार शिक्षकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके खिलाफ थाना नौहझील, शेरगढ़ और गोवर्धन में मुकदमे दर्ज थे। अभी 20 फर्जी शिक्षक फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसपी क्राइम ने संबंधित थानों की टीम लगाई हैं।

वर्ष 2018 में शिक्षकों की भर्ती हुई। मथुरा में फर्जी डिग्री के आधार पर बेसिक शिक्षा परिषद में सहायक अध्यापक की नौकरी हासिल करने में सफल हो गए। फर्जी शिक्षकों का भंडाफोड़ के बाद हुई जांच में 108 शिक्षक संदेह के घेरे में आ गए। छानबीन में सभी के फर्जी दस्तावेज पाए गए। इसकी जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। एसपी क्राइम राधेश्याम राय ने बताया, फर्जी डिग्री व नियुक्ति पत्र से सहायक अध्यापक की नौकरी हासिल करने वाले के खिलाफ अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हुए थे। आरोपितों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी गई। इधर, मुकदमे दर्ज होने के बाद ही आरोपित भूमिगत हो गए। इनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम को लगाया गया। थाना नौहझील पुलिस ने बाजना कट से थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव गुलालपुर निवासी लोकेश व मुरारी पायला उर्फ पायला और अलीगढ़ जिले के थाना खैर के गांव मायाराम गढ़ी निवासी विपिन सिंह को गिरफ्तार किया। कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति पाने में सफल हो गए थे। एक को थाना शेरगढ़ पुलिस ने अलीगढ़ जिले के थाना पिसवा क्षेत्र के गांव सैंदपुर निवासी कुलदीप को गिरफ्तार किया है। अभी 20 आरोपित फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए संबंधित थानों की पुलिस टीम को लगाया गया है। थाना नौहझील प्रभारी एसआर गौतम, एसआइ मनमोहन शर्मा, ललित भाटी, महिला कांस्टेबल नेहा पाल, मानवेंद्र कुमार, प्रद्युमन, विनीत पुलिस टीम शामिल रहे।

chat bot
आपका साथी