अंतिम शाही स्नान पर जुटी भीड़, टूटे रिकार्ड

संतों ने पेशवाई निकाल वैभव दिखाया तो ब्रजवासियों ने स्वागत में बरसाए फूलजयश्री राम व राधारानी के जयकारों से गूंज उठा कालिदी का तट

By JagranEdited By: Publish:Sun, 14 Mar 2021 06:03 AM (IST) Updated:Sun, 14 Mar 2021 06:03 AM (IST)
अंतिम शाही स्नान पर जुटी भीड़, टूटे रिकार्ड
अंतिम शाही स्नान पर जुटी भीड़, टूटे रिकार्ड

संवाद सहयोगी, वृंदावन: कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक के तीसरे और अंतिम शाही स्नान पर भारी भीड़ उमड़ी। संतों की पेशवाई के दर्शन को हजारों श्रद्धालु सड़कों के किनारे हाथ जोड़ खड़े रहे। शोभायात्रा पर फूलों की बारिश हुई, तो संतों के चेहरे चमक उठे। पहले दो स्नान के मुकाबले भीड़ के रिकार्ड टूट गए।

फाल्गुन अमावस पर शनिवार को कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक क्षेत्र से सुबह नौ बजे देवराहा बाबा मार्ग से शाही पेशवाई निकली। सजे-धजे ऊंट-घोड़ों पर बैठे साधु, बग्घियों में विराजे जगद्गुरु के चित्रपट, पटेबाजी (प्रदर्शन) करते वैष्णव नागा साधुओं को देख श्रद्धालु नतमस्तक हो उठे। ब्रजवासियों ने भी दिल खोलकर स्वागत किया। पेशवाई के मार्ग में छतों से फूल बरसाए गए। होली से एक पखवाड़ा पहले ही जमकर अबीर-गुलाल उड़ा। भीड़ के सैलाब ने पिछले सभी रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। चार घंटे तक नगर भ्रमण के बाद पेशवाई शाही स्नान घाट पहुंची। यहां पहले से मौजूद तीर्थ पुरोहित विजय बिहारी गौड़ सरदार व सुभाष गौड़ सरदार ने मंत्रों के बीच तीनों अनी अखाड़ों के श्रीमहंतो की पूजा अर्चना संपन्न कराई। नागा साधुओं ने वीरध्वज निशान को सांकेतिक रूप से यमुना स्नान कराया। इसके साथ ही जय श्रीराम का उ्दघोष करते संतों के जत्थे यमुना में कूद पड़े। चारों ओर भक्ति का उल्लास छा गया। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा भी भक्ति के रंग में नजर आए। संत-महंतों के साथ ऊर्जा मंत्री ने भी यमुना में डुबकी लगाई।

कभी अशक्त नहीं रही भारती नारी: सुमन चतुर्वेदी

संवाद सहयोगी, वृंदावन: उप्र महिला आयोग की सदस्य सुमन चतुर्वेदी ने कहा, भारतीय नारी कभी अशक्त नहीं रही, राष्ट्र व समाज के लिए अनोखे कार्य किए हैं। हमें अपने ऊपर गौरव होना चाहिए कि हमारे देश को भी भारतमाता के नाम से संबोधित कर राष्ट्र की मातृ शक्ति को नमन किया जाता है।

कुंभपूर्व वैष्णव बैठक के ब्राह्मण सेवा संघ शिविर में शनिवार को विप्र मातृ सम्मेलन में चतुर्वेदी ने कहा, विप्र बहनों को राष्ट्र व समाज के लिए आगे आना चाहिए। मीरा शर्मा ने कहा, नारी समाज को समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए आगे आना चाहिए। कनकधारा फाउंडेशन की संस्थापिका डा. लक्ष्मी गौतम, महिला आयोग आगरा की सदस्य निर्मला दीक्षित ने कहा, मातृ शक्ति सदैव से ही सम्मान की पात्र रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष मधु शर्मा, प्रतिभा शर्मा एडवोकेट ने कहा, हमें चाहिए कि हम उन क्षेत्रों में भी प्रयास करें जहां मातृ शक्ति आज भी अपने को असहाय अनुभव कर रही है। आनंद बल्लभ गोस्वामी, सत्यभान शर्मा, का‌िर्ष्ण नागेंद्र महाराज, जगदीश नीलम, लाला व्यास ने मंचस्त मातृ शक्ति का स्मृति चिन्ह एवं उत्तरीय ओढ़ाकर स्वागत किया। शशि शुक्ला, हेमलता, किरण, हेमा त्रिवेदी, पुष्पा, नीलम गोस्वामी, अनिता द्विवेदी, ममता शर्मा, सुनीता अग्निहोत्री, मुदिता शर्मा, उषा पांडे, कीर्ति शर्मा, शारदा मिश्रा, ममता भारद्वाज, चीनू, उषा गौतम मौजूद रहीं।

chat bot
आपका साथी