गुलाल कुंड पर खेली होली, गिरिराज प्रभु के समक्ष गाया फाग

बुधवार को ढप की थाप पर थिरकते भक्तों ने गुलाल कुंड पर होली खेल गिरिराज प्रभु के समक्ष फाग गाया

By JagranEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 06:42 AM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 06:42 AM (IST)
गुलाल कुंड पर खेली होली, गिरिराज  
प्रभु के समक्ष गाया फाग
गुलाल कुंड पर खेली होली, गिरिराज प्रभु के समक्ष गाया फाग

संसू, गोवर्धन(मथुरा) : 'ऐसौ ये देश निगोड़ा, जग होरी ब्रज होरा' ब्रजभूमि में होली का आनंद छाया है। यहां की हवाओं में मस्ती की मिठास के साथ सतरंगी गुलाल घुल चुका है। बुधवार को ढप की थाप पर थिरकते भक्तों ने गुलाल कुंड पर होली खेल गिरिराज प्रभु के समक्ष फाग गाया।

सूरत के मोटा मंदिर से बल्लभ संप्रदाय के आचार्य बल्लभराय महाराज और उनके ठाकुर श्याम लाल प्रभु ब्रज भ्रमण करते हुए गोवर्धन के गुलाल कुंड पहुंचे। उनके साथ बड़ी संख्या में भक्त भी जयकारे लगाते चल रहे थे। सुबह ही सभी ने धोती-कुर्ता बगलबंदी पहनी और सिर पर पगड़ी बांध हुरियारे का स्वरूप बना लिया। खास बात यह थी कि सभी पुरुष एक सा परिधान पहने, तो महिलाओं की साड़ियां भी एक ही तरह की थीं। सुगंधित गुलाल भी श्रद्धालु साथ लाए थे। संगीत के साथ रसिया की आवाज सुन सभी भक्ति में बेसुध होकर दोनों हाथों से गुलाल बिखेरते हुए गुलाल कुंड पर फाग महोत्सव मनाने लगे। मतवालों का टोला जिधर से गुजरता, जमीन पर बिखरी रंगों की मोटी पर्त इनकी मस्ती का यशोगान करने लगती। कुल पुरोहित सुरेश चंद पुरोहित व पिटू पुरोहित ने गिरिराजजी के तो बल्लभ संप्रदाय के आचार्य बल्लभराय महाराज ने श्याम लाल प्रभु के गुलाल लगाकर महोत्सव की शुरुआत की। आयोजन में दिनेश सांवलिया, प्रदीप भाई सोनी, दिलीप भाई सोनी का सहयोग रहा। झांसी के कलाकारों के राई नृत्य ने खूब बटोरीं तालियां

वृंदावन : यमुना किनारे चल रही कुंभ पूर्व वैष्णव बैठक के सांस्कृतिक पंडाल में भगवान श्रीकृष्ण की रासलीला का मंचन हुआ, तो झांसी के कलाकारों ने राई नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।

बुधवार को झांसी की नीलम चौहान के दल ने राई नृत्य की मनोरम प्रस्तुति दी। कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण के श्रृंगार व उनके रूप सौंदर्य को प्रस्तुत किया। पंडाल में उपस्थित दर्शकों ने कलाकारों का ताली बजाकर उत्साहवर्धन किया। प्रयागराज के विवेक विशाल दल ने कबीर निर्गुण गीत की प्रस्तुति दी। मथुरा के दानी शर्मा की टीम ने फूलों की होली, दीपक नृत्य तथा लट्ठमार होली का मनमोहक मंचन किया। रासाचार्य स्वामी अवधेश शर्मा की मंडली ने कालिया दमन लीला का मंचन किया। जिला पर्यटन अधिकारी डीके शर्मा, वृंदावन शोध संस्थान के निदेशक सतीशचंद दीक्षित, देवेंद्र शर्मा, अनूप शर्मा, रजत शुक्ला, संजय शर्मा, गोपाल शरण शर्मा, कन्हैया लाल शर्मा, ब्रजमोहन गिरि, विष्णु दान शर्मा, मदन गोपाल बनर्जी मौजूद रहे। संचालन रश्मि शर्मा ने किया।

chat bot
आपका साथी