माह के अंत तक संत समागम की तैयारी होंगी पूरी: डीएम

संत समागम को लेकर प्रशासन ने संतों संग की तैयारियों पर चर्चाक्षेत्र में चल रहे कार्यों को पूरा करने का भरोसा दिया

By JagranEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 06:29 AM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 06:29 AM (IST)
माह के अंत तक संत समागम  की तैयारी होंगी पूरी: डीएम
माह के अंत तक संत समागम की तैयारी होंगी पूरी: डीएम

संस, वृंदावन: 16 फरवरी से शुरू हो रहे संत समागम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने शुक्रवार को संतों संग बैठक कर चर्चा की। डीएम ने सभी विभागों द्वारा अब तक कराए गए कार्यों की जानकारी देने के साथ माह के अंत तक संत समागम क्षेत्र में चल रहे कार्यों को पूरा करने का भरोसा दिया।

पर्यटन सुविधा केंद्र में शुक्रवार को डीएम नवनीत चहल, मेलाधिकारी नागेंद्र प्रताप, नगर आयुक्त रविद्र कुमार मांदड़ व एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर, एसडीएम सदर क्रांतिशेखर ने संतों के साथ बैठक की। संतों ने अब तक तैयारी में चल रही ढिलाई पर अपनी नाराजगी जताई। डीएम चहल ने उन्हें माह के अंत तक काम पूरा कराने का भरोसा दिया। संत समागम नाम को लेकर भी संतों ने आपत्ति जताई। डीएम ने शासन के साथ चर्चा करने के बाद ही कोई निर्णय लेने का भरोसा दिया। कहा, रिकार्डों के आधार पर शासन को जानकारी देने के बाद ही नाम पर चल रहे भ्रम को दूर किया जा सकेगा। बताते चलें कि संत इसे कुंभ बता रहे हैं तो शासन की पत्रावलियों में अब तक संत समागम ही माना जा रहा है।

बैठक के बाद डीएम ने मीडिया को बताया, तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। महीने के अंत तक तैयारी हर स्तर पर पूरी हो जाएगी। इसके साथ ही यमुना में शुद्ध जल छोड़ा जाएगा। ताकि संत समागम के दौरान यमुना में पर्याप्त जल प्रवाहित रह सके।

-ये रहे मौजूद

निगम में उपसभापति राधाकृष्ण पाठक, महंत फूलडोल बिहारीदास, महंत मदनमोहन दास, महंत लाड़िलीशरण दास, महंत हरिशंकर नागा, महंत सुंदरदास समेत अन्य संत मौजूद रहे।

-16 को आ सकते हैं सीएम योगी आदित्यनाथ

संत समागम के पहले दिन 16 फरवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आने की संभावना जताई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद संत समागम के ध्वजारोहण के दौरान मौजूद रहेंगे। संत समागम क्षेत्र में बन रहे घाट का भी लोकार्पण करेंगे।

chat bot
आपका साथी