शिवालयों में हुई महादेव की जय-जयकार

सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु श्रद्धालुओं ने सुबह किया पूजन शाम को श्रृंगार के किए दर्शन

By JagranEdited By: Publish:Tue, 27 Jul 2021 05:09 AM (IST) Updated:Tue, 27 Jul 2021 05:09 AM (IST)
शिवालयों में हुई महादेव की जय-जयकार
शिवालयों में हुई महादेव की जय-जयकार

संवाद सहयोगी, मथुरा : सावन के पहले सोमवार को भगवान श्रीकृष्ण की नगरी भगवान शिव के रंग में रंग गई। शिवालयों में महादेव की जय-जयकार हुई। सुबह से ही श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचने लगे। देररात तक शिवालय भक्तों से गुलजार रहे। शहर से लेकर देहात तक के मंदिरों में श्रद्धा झूमती रही। नगर निगम द्वारा शिव मंदिरों के आस-पास सफाई कराई गई और चूना का छिड़काव किया गया। पुलिस द्वारा सुरक्षा के इंतजाम किए गए।

सावन के पहले सोमवार को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह था। सुबह से ही दर्शन और अभिषेक करने के लिए श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचने लगे। शिवालयों में आस्था की अविरल धारा बह निकली। महादेव के जयघोष से मंदिर के वातावरण में श्रद्धा की मिठास घुल गई। घंटे-घड़ियाल की आवाज दूर-दूर तक सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से महादेव का अभिषेक किया। व्रत रखकर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। कोरेाना संक्रमण से मुक्ति को भी महादेव ने प्रार्थना की। रंगेश्वर, भूतेश्वर, पिपलेश्वर, गोकरणनाथ महादेव, चिताहरण महादेव में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ता रहा। गली-मुहल्लों के शिवालयों मे भी आस्था गुलजार रही। वृंदावन, गोवर्धन, बलदेव, गोकुल, बरसाना, नंदगांव, सुरीर, मांट, महावन क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं का आवागमन बना रहा। रात में भक्तों ने महादेव के श्रृंगार के दर्शन किए। मंदिरों को रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से जगमग किया गया। शिवालयों के आस-पास नगर निगम द्वारा सफाई की व्यवस्था कराई गई। पुलिस द्वारा भी सुरक्षा के लिए जवान तैनात किए गए।

वृंदावन: वंशीवट स्थित गोपीश्वर महादेव मंदिर में सावन के पहले सोमवार को भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गोपी भेष में विराजे भगवान भोलेनाथ का पूजन कर श्रद्धालुओं ने व्रत रखा। सुबह से शुरू हुआ जलाभिषेक का सिलसिला दोपहर तक चलता ही रहा। दोपहर को मंदिर सेवायतों ने सफाई कर शाम को दिव्य और भव्य फूलबंगला सजाया। गोपी के रूप में भगवान भोलेनाथ ने भक्तों को दर्शन दिए तो भक्त आनंदित हो उठे और जयकारे लगाने लगे। इसी तरह शहर के दूसरे शिवालयों वनखंडेश्वर महादेव मंदिर, अग्रबिहारी महादेव मंदिर, रेतेश्वर महादेव मंदिर, टालेश्वर महादेव मंदिर, गोविदेश्वर महादेव मंदिर समेत अनेक शिवालयों में भोलेनाथ का जलाभिषेक व पूजन करने को सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ती रही।

chat bot
आपका साथी