पुलिस से अभद्रता, थाने लाने पर महिला को पड़ा अटैक

युवती ने पुलिस के सामने ही फाड़े अपने कपड़े कब्जा करने की शिकायत पर पहुंची थी पुलिस

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 05:11 AM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 05:11 AM (IST)
पुलिस से अभद्रता, थाने लाने पर महिला को पड़ा अटैक
पुलिस से अभद्रता, थाने लाने पर महिला को पड़ा अटैक

जागरण संवाददाता, मथुरा: पुष्प विहार कालोनी में जमीन पर कब्जा करने की शिकायत पर गई हाईवे पुलिस से बुधवार को अभद्रता की गई। एक युवती ने पुलिस की मौजूदगी में अपने कपड़े फाड़ लिए। पुलिस युवक को पकड़ कर थाने ले आई। इससे महिला को अटैक पड़ गया। महिला का उपचार बाद स्वजन महिला को लेकर थाने पहुंच गए। युवक ने मारपीट करने और दूसरे पक्ष से से नकदी लेकर परेशान किए जाने का पुलिस पर आरोप लगाया है।

थाना हाईवे क्षेत्र की पुष्प विहार कालोनी निवासी मूलचंद अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। किसी ने अवैध कब्जा करने की शिकायत कर दी। सूचना पर थाना हाईवे से एसआइ ललित कसाना और सोनू भाटी पुलिस फोर्स के साथ घटना स्थल पर पहुंच गए। महिला पुलिसकर्मी भी साथ थी। मूलचंद के स्वजन ने पुलिस से अभद्रता की। पुलिस पर दूसरे पक्ष से रुपये लेने का आरोप भी लगाया। एक महिला ने अपने कपड़े फाड़ लिए और थाने ले जाकर बंद करने की धमकी देने लगी। इसी बीच मूलचंद का पुत्र लोकेश भी आ गया। उसने भी पुलिस पर मारपीट करने का आरोप लगाया। पुलिस लोकेश को पकड़ कर थाने ले आई। इसी बीच लोकेश की मां गुड्डी देवी को अटैक पड़ गया। उसके उपचार के लिए ले जाया गया। तबीयत सुधार होने पर एंबुलेंस से स्वजन गुड्डी देवी को लेकर थाने पहुंच गए। थाने में भी युवक ने पुलिस पर मारपीट का फिर आरोप लगाया। उसका कहना था, कुछ लोग उनको परेशान कर रहे हैं। वह अपने मकान पर निर्माण कार्य कर रहा है। बार-बार पुलिस को बुलाया जा रहा है। पहले भी कुछ लोगों के उसकी टीन को तोड़ दी थी। सीओ रिफाइनरी अभिषेक तिवारी भी पहुंच गए। स्वजन से पूछताछ की। इंस्पेक्टर हाईवे विनोद कुमार ने बताया, लोकेश और उसके स्वजन ने पुलिस से अभद्रता की। पुलिस ने उनके साथ मारपीट नहीं की। पुलिस से अभद्रता करने वालों के खिलाफ पुलिस अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कराएगी।

chat bot
आपका साथी