दिन में उमस से बेहाल, शाम को बारिश ने दी राहत

बिना पंखा और कूलर के घरों में रुकना हो रहा है मुश्किल अचानक आसमान में छा गए काले बादल तेज हवा के साथ शुरू हुई रिमझिम

By JagranEdited By: Publish:Fri, 25 Jun 2021 05:10 AM (IST) Updated:Fri, 25 Jun 2021 05:10 AM (IST)
दिन में उमस से बेहाल, शाम को बारिश ने दी राहत
दिन में उमस से बेहाल, शाम को बारिश ने दी राहत

जागरण संवाददाता, मथुरा: गुरुवार को सुबह से ही तेज धूप व उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। दोपहर के समय कई बार आसमान पर बादल मंडराने हुए देखे गए। बादलों ने सूरज को अपने आगोश में ले लिया, लेकिन आम आदमी को राहत नहीं मिली। चमकदार धूप की वजह से राहगीरों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन शाम को एक बार फिर आसमान में बादल छा गए। देखते ही देखते धूल भरी तेज हवा चलने लगी। जिसके साथ ही कुछ देर बारिश हुई। अधिकतम तापमान 39 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन दिनों मौसम का मिजाज रोज बदल रहा है। कभी तेज धूप निकलती है, तो कभी गरम हवा शरीर को झुलसाने लगती है। कभी तेज हवाओं के साथ आंधी शुरू हो जाती है। गुरुवार को सुबह से ही शहर धूप से तपा जा रहा था। गर्म हवा ने शरीर को खूब झुलसाया। वातावरण में छाई उमस ने हालत खस्ता कर दी। संक्रमण की बंदिश खत्म होने के बाद भी सड़कों को देखकर ऐसा लग रहा था कि मानों कोरोना क‌र्फ्यू लगा हुआ है। गिने चुने वाहन और राहगीर ही सड़क पर देखे जा रहे थे। घरों में रह रहे लोगों को भी गर्मी ने खूब सताया। पंखे भी गर्म हवा दे रहे थे। बिना पंखा और कूलर के घर में बैठा नहीं जा रहा था। एसी से बाहर निकलते ही ओर अधिक गर्मी परेशान कर रही थी। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने के बाद मौसम कुछ नरम पड़ा। सूरज बादलों में छिप गया। धूल भरी हवा चलने लगी। रिमझिम शुरू हो गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। कोई छत पर तो कोई गली में घूमने लगा। झुलसाती हुई गर्मी से हर उम्र के लोगों ने राहत महसूस की। हालांकि अभी सभी उम्मीद झमाझम बारिश की है। लोगों का कहना है कि सुबह से जो गर्मी का हाल था। उससे मौसम का मिजाज बदलने का पूरा अंदाजा था। क्योंकि पेड़ों के पत्ते पूरी तरह से शांत थे। बहरहाल, बारिश होने के बाद आम आदमी ने गर्मी से राहत महसूस की है।

chat bot
आपका साथी