18 घंटे की बारिश में अव्यवस्था, गुल हुई बिजली

भूतेश्वर और कंकाली के बीच जलभराव में फंसे वाहन महोली और बीएसए रोड पर भी यातायात रहा बाधित

By JagranEdited By: Publish:Thu, 29 Jul 2021 06:50 AM (IST) Updated:Thu, 29 Jul 2021 06:50 AM (IST)
18 घंटे की बारिश में अव्यवस्था, गुल हुई बिजली
18 घंटे की बारिश में अव्यवस्था, गुल हुई बिजली

जागरण संवाददाता, मथुरा: सावन के चौथे दिन बुधवार भोर से शुरू हुई बारिश देर रात तक होती रही। कभी तेज कभी रिमझिम बारिश के कारण शहर के हालात खराब हो गए। जगह-जगह जलभराव होने से वाहन फंस गए। बिजली व्यवस्था भी चौपट हो गई। शहर से लेकर गांव तक जलभराव ने हालात खराब कर दिए।

बुधवार सुबह करीब चार बजे बारिश शुरू हुई। कुछ देर थमी और फिर छह बजे तेज बारिश होने लगी।

भूतेश्वर तिराहे स्थित रेलवे पुल के नीचे बारिश शुरू होने के कुछ देर बाद ही जलभराव हो गया। हालात बिगड़ गए। आटो, टेंपो, ई-रिक्शा, कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी को चालकों ने निकालने की कोशिश की, तो पानी में फंस गए। पहले से वाहनों को फंसे देखकर पीछे आ रहे वाहन चालक खड़े हो गए। सड़क पर जाम लग गया। आटो, टेंपो और ई-रिक्शा चालकों ने सवारियों को तिराहे पर ही उतार दिया। आगे जाने से इंकार कर दिया। कार चालकों की भी जलभराव में होकर निकलने की हिम्मत नहीं कर पाए। तीसरे पहर में कंकाली के सामने भी पानी भर गया। इससे भूतेश्वर तिराहे और कंकाली के बीच वाहन फंस गए। बीएसए इंजीनियरिग कालेज और महोली रोड पर भी जलभराव हो गया। हाईवे का सर्विस रोड मंडी समिति चौराहे से लेकर के बाबा जयगुरुदेव मंदिर तक पानी में डूब गया। आनंदवन, चैतन्य विहार, डिफेंस कालोनी, लाजपत नगर, लक्ष्मी नगर, रोशन विहार, चंद्रपुरी, नवादा, महेंद्र नगर, हंसराज कालोनी, पुष्प विहार समेत दो दर्जन से अधिक कालोनियों में जलभराव हो गया। लोगों को आवाजाही में दिक्कत रही। कोसीकलां, राया, नंदगांव, गोवर्धन समेत दूसरे इलाकों में भी बारिश होने से जनजीवन प्रभावित रहा। जिले में बिजली गुल, पेयजल सप्लाई ठप:रिमझिम बारिश से जिले की विद्युत व्यवस्था भी ध्वस्त हो गई। कई इलाकों में दिन भर विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इन्वर्टर तक जवाब दे गए। इसका असर पेयजल सप्लाई पर भी पड़ा। आरओ प्लांट भी नहीं चल सके।

रिमझिम बारिश सुबह से ही शुरू हो गई थी। देर शाम तक पानी बरसता रहा। इससे फरह, बलदेव, राया और नौहझील में बुधवार को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। अधिकांश समय बिजली आपूर्ति ठप रही। सर्वाधिक फरह क्षेत्र प्रभावित रहा। टाउनशिप क्षेत्र में दिन भर विद्युत आपूर्ति ठप रही। रहीमपुर फीडर पूरी तरह बंद रहा। लक्ष्मी नगर में भी लोग बिजली न आने से परेशान रहे। राया मार्ग स्थित जमुना एन्क्लेव कालोनी के लोग भी परेशान रहे। शहर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अधिकांश समय भंग रही। विद्युत व्यवस्था के भंग होने से पेयजल सप्लाई के लिए नलकूप तक नहीं चल सके। आरओ प्लांट भी बंद रहे। इससे लोगों के सामने पीने का संकट खड़ा हो गया। कोसीकलां, नदगांव और बरसाना क्षेत्र में बारिश का असर विद्युत आपूर्ति पर पड़ा। खेत हुए जलमग्न, फसलों में पड़ी जान: देरी से आए मानसून के कारण खरीफ की मुख्य फसल धान सर्वाधिक प्रभावित हो रहा था। किसानों ने बाजरा की बोवाई भी देरी से की। कपास और अन्य फसलें सूख रही थीं। रिमझिम बारिश से खेत जलमग्न हो गए। धान की फसल को संजीवनी मिल गई। अन्य फसलों के लिए भी बारिश फायदेमंद रही। किसान ओमप्रकाश और रोहन सिंह ने बताया, रिमझिम बारिश फसलों के लिए अधिक फायदेमंद रहती हैं। धान की सूख रही फसल में अब सिचाई करने की फिलहाल आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे पहले ट्यूबवेल से सिचाई करके धान की फसल को बचाना पड़ रहा था। बाजरा की फसल में भी तेजी से बढ़वार होगी।

chat bot
आपका साथी