गो तस्करों ने की फायरिग, एक गो सेवक घायल

उपचार में देरी होने पर साथियों ने जिला अस्पताल में किया हंगामा

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 05:16 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 05:16 AM (IST)
गो तस्करों ने की फायरिग, एक गो सेवक घायल
गो तस्करों ने की फायरिग, एक गो सेवक घायल

संवादसूत्र, गोवर्धन: राधकुंड-मुखराई मार्ग के मोड़ पर सोमवार रात मैक्स पिकअप में गाय लादकर ले जाने की कोशिश कर रहे गो तस्करों ने एक गो सेवक को गोली मार दी। इससे पहले गो तस्करों ने गो सेवकों के ऊपर पथराव किया था। उपचार में देरी होने पर गो सेवकों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। सीओ सिटी ने मामले को शांत किया। तीन अज्ञात गो तस्करों के खिलाफ थाना गोवर्धन में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

थाना गोवर्धन क्षेत्र के राधकुंड-मुखराई मार्ग के मोड़ पर रात करीब डेढ़ बजे धीरज कौशिक, दीपक मिश्र और राहुल खड़े थे। वह गो सेवा का कार्य करते हैं। एक मैक्स पिकअप में गो तस्कर गाय लादकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने मैक्स पिकअप सवारों का विरोध किया। इस पर युवक भाग खड़े हुए। गो सेवकों ने मैक्स पिकअप का पीछा कर उसको रुकवाने की कोशिश की। इस पर मैक्स पिकअप में सवारों ने उनके ऊपर पथराव करना शुरू कर दिया। गो सेवक मैक्स पिकअप का पीछा करते रहे। इस परयुवकों ने फायरिग कर दी। इसमें दाहिने पैर में गोली लगने से राधाकुंड निवासी राहुल घायल हो गया। सूचना पर थाना गोवर्धन पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। घायल गो सेवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार में देरी होने पर गो सेवक आक्रोशित हो गए। उन्होंने जिला अस्पताल में हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। सूचना पर सीओ सिटी वरुण कुमार सिंह जिला अस्पताल पहुंच गए। गो सेवक धीरज कौशिक ने बताया, गो तस्कर क्षेत्र से गायों को लादकर मेवात लेकर जाते हैं। वह गो सेवा का कार्य करते हैं। उनको गो तस्कर होने का शक था। इसलिए मैक्स पिकअप को रोकने का प्रयास किया। थाना गोवर्धन इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार ने बताया, पीड़ित की तहरीर पर तीन अज्ञात गो तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपितों की तलाश कराई जा रही है।

chat bot
आपका साथी