सुनरख में आठ वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या

पड़ोसी महिला के साथ गुरुवार को एससी बालिका गई थी लकड़ी बीनने वहां से हुई लापता

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 06:52 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 06:52 AM (IST)
सुनरख में आठ वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या
सुनरख में आठ वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या

संवाद सहयोगी, वृंदावन (मथुरा): सुनरख गांव के जंगल में आठ वर्षीय बालिका की दुष्कर्म के बाद गला घोटकर हत्या कर दी गई। बालिका गुरुवार को पड़ोसी महिला के साथ जंगल में लकड़ी बीनने गई थी। घर नहीं लौटने पर रात भर जंगल में पुलिस और स्वजन उसे खोजते रहे। सुबह उसका अ‌र्द्धनग्न शव मिला। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

गांव के अनुसूचित जाति माली की कक्षा तीन में पढ़ने वाली बेटी गुरुवार शाम जंगल से लकड़ी बीनने गई थी, इसी बीच वह लापता हो गई। साथ गई महिला ने इसकी सूचना स्वजन को दी। रात आठ बजे तक बालिका को खोजा जाता रहा। रात को स्वजन ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर के निर्देश पर सीओ सदर रमेश चंद तिवारी की अगुवाई में वृंदावन पुलिस ने रात में ही जंगल में सर्च आपरेशन चलाया। करीब 119 एकड़ में फैले इस जंगल में आधी रात तक तलाश चलती रही। शुक्रवार सुबह पुलिस और स्वजन फिर तलाश को निकले। जंगल के बीच से होकर गुजर रहे छटीकरा के पास नाले किनारे बालिका का अ‌र्द्धनग्न हालत में शव पड़ा मिला। पुलिस ने आनन-फानन में शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया, इसे लेकर पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश का भी सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि पुलिस ने जल्दबाजी में शव भिजवा दिया। एसपी सिटी उदयशंकर सिंह की अगुवाई में गांव में कई थानों का फोर्स तैनात कर दिया गया। इधर, पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया है। देर शाम पुलिस के हाथ कुछ अहम सुराग भी लगे हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्य एकत्र कर रही है।

एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म के बाद गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है। हत्यारे की तलाश को पांच टीमें लगाई गई हैं। आगे की जांच के लिए स्लाइड को प्रयोगशाला भेजा गया है।

chat bot
आपका साथी