गंगाजल की आपूर्ति बंद, तीन दिन तक पानी का रखें इंतजाम

मौके का ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई ने उठाया फायदा - आनन फानन में भूतेश्वर और मानस नगर जोन को जोड़ने का शुरू किया गया काम

By JagranEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 05:13 AM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 05:13 AM (IST)
गंगाजल की आपूर्ति बंद, तीन दिन तक पानी का रखें इंतजाम
गंगाजल की आपूर्ति बंद, तीन दिन तक पानी का रखें इंतजाम

जागरण संवाददाता, मथुरा: बुलंदशहर से गंगाजल की आपूर्ति ठप हो गई है। इससे तीन दिन तक मथुरा के साथ वृंदावन में पीने के लिए गंगाजल नहीं मिल सकेगा। इसलिए ब्रजवासी पानी का इंतजाम रखें। हालांकि टैंकरों के माध्यम से पानी की सप्लाई की जा रही है। लेकिन भीषण गर्मी के चलते वह पर्याप्त नहीं है। वहीं मौके का फायदा उठाते हुए जल निगम के ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई ने शहर में भूतेश्वर और मानस नगर जोन की पाइप लाइन को जोड़ने का काम शुरू कर दिया है।

रविवार को शहर के मनोहरपुरा, भरतपुर गेट, डैंपियर नगर, आधा कृष्णा नगर, पुराना मथुरा शहर के साथ ही वृंदावन मुखर्जी पार्क और सोमानी क्षेत्र में गंगाजल की सप्लाई नहीं हो सकी। इससे इन क्षेत्र के लोगों को पीने के लिए पानी को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि जल निगम की ओर से क्षेत्र में टैंकरों से पानी की सप्लाई कराई गई है। इससे पहले लोगों को पानी का इंतजाम करके रखने के लिए जानकारी भी मुहैया कराई गई थी। बावजूद इसके लोगों को आसपड़ोस में लगे सबमर्सिबल पंप और हैंडपंप से पानी लेकर आते हुए देखा गया। इससे पहले भी लोगों को चार दिन तक पानी की परेशानी से जूझना पड़ा था। - एक दूसरे से जुड़ जाएंगे भूतेश्वर और मानस नगर जोन :

अभी तक भूतेश्वर जोन में ही गंगाजल की सप्लाई हो रही थी। अब शहर के मानस नगर जोन में भी गंगाजल की सप्लाई होगी। इसके लिए दोनों जोन को एक दूसरे से कनेक्ट करने का काम जल निगम के ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई की ओर से किया जा रहा है। बीएसए कालेज के पास कर्मचारी कार्य शुरू हो गया है। जल निगम अधिकारियों ने बताया कि बुलंदशहर से गंगाजल की सप्लाई को बंद करने की जैसे ही उन्हें सिचाई विभाग के अधिकारियों के माध्यम से जानकारी हुई। वैसे ही उन्होंने आनन फानन में दोनों जोन को कनेक्ट करने की तैयारी कर ली है। क्योंकि मानस नगर जोन में पाइप लाइन के साथ ओवर हेड टैंक का भी निर्माण हो चुका है। क्षेत्र में पाइप लाइन की भी टेस्टिग हो चुकी है। शहर के लोगों को गंगाजल सप्लाई कराने के लिए दोनों को जोड़ने का काम होना था। - नहर की हो रही सफाई :

बुलंदशहर की पालड़ाझाल से शहर को गंगाजल की सप्लाई की जाती है। सिचाई विभाग की ओर से नहर की सफाई कराई जा रही है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों नहर में पानी के साथ सिल्ट आई थी। जिससे नहर में सिल्ट को साफ करने के लिए अब सिचाई अधिकारी जुट गए हैं, जिन्होंने दो दिन के लिए गंगाजल की सप्लाई को बंद कर दिया है।

-गोकुल बैराज जल शोधन संयंत्र भूतेश्वर स्थित जोनल पंपिग स्टेशन को जाने वाली ट्रंक राइजिग लाइन से अब मानस नगर जोन को जोड़ा जा रहा है। जिसकी वजह से तीन दिन लोगों को पीने के पानी की दिक्कत का सामना करना पड़ सकता है। कार्य को हम तेजी से करा रहे हैं। शहरवासियों से सहयोग की अपील है।

योगेश शर्मा, परियोजना प्रबंधक - जल निगम के ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई

chat bot
आपका साथी