झींगा मछली पालन के गुलाबी सपने दिखाने वाला जालसाज गिरफ्तार

गुरुग्राम के दंपती के खिलाफ कराई थी थाना हाईवे में नामजद रिपोर्ट

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Jan 2021 05:49 AM (IST) Updated:Mon, 25 Jan 2021 05:49 AM (IST)
झींगा मछली पालन के गुलाबी सपने दिखाने वाला जालसाज गिरफ्तार
झींगा मछली पालन के गुलाबी सपने दिखाने वाला जालसाज गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, मथुरा: झींगा मछली पालन के गुलाबी सपने दिखाकर के रिटायर्ड सैनिक से 82 लाख रुपये की ठगी करने वाले जालसाज को हाईवे पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित और उसकी पत्नी के खिलाफ थाना हाईवे में रिटायर्ड सैनिक ने ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया।

गुरुग्राम स्थित मानसरोवर श्रंप फार्म ने झींगा मछली पालन कराकर चार महीने में धनराशि दोगुना करने का एक विज्ञापन प्रकाशित कराया था। गुरुग्राम के शिवाजी नगर निवासी प्रदीप कुमार और उनकी पत्नी कांता देवी कंपनी की संचालक हैं। थाना हाईवे क्षेत्र की आनंदवन प्रीतिकुंज निवासी नेपाल सिंह ने इसी आधार पर दंपती से संपर्क किया। कंपनी की इंटरनेट मीडिया के जरिए जानकारी करने के बाद वह गुरुग्राम गए थे। कंपनी संचालक ने झींगा मछली पालन करवाकर चार महीने में धनराशि दोगुना करने का लालच दिया था। इसके लिए कंपनी संचालक का उनके साथ में एक एंग्रीमेंट भी हुआ था। रिटायर्ड सैनिक को प्रदीप कुमार ने खुद को कथित तौर पर एयरफोर्स से रिटायर बताया था। नेपाल भी सेवानिवृत्त सैनिक हैं, वह उसकी बातों में आ गए। 29 जून 2019 के बाद से दिसंबर के अंत तक वह कंपनी संचालक दंपती को 82 लाख रुपये दे चुके हैं। दंपती ने उनको अपनी कंपनी में पार्टनर बनाने को लिख दिया। मगर, मछली पालन नहीं कराया। जब कंपनी संचालक से धनराशि की मांग की तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। नेपाल ने इसकी शिकायत थाना हाईवे दंपती के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। साथ ही यह भी बताया था, उनकी तरह कंपनी ने कई लोगों को अपने जाल में फंसा कर ठगा है। धनराशि लौटाने के नाम पर आरोपित लोगों को गुमराह करा रहा है। इंस्पेक्टर हाईवे विनोद कुमार ने बताया, रिटायर्ड सैनिक से 82 लाख रुपये ठगी किए जाने के आरोपित प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित महिला अभी फरार है। आरोपित को जेल भेज दिया गया।

chat bot
आपका साथी