मथुरा में पांच की मौत, आठ मिले डेंगू मरीज

नौहझील सीएचसी क्षेत्र के गांव तेहरा सुरीर भगत नगरिया और भिदौनी में हुई एक-एक मौत

By JagranEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 06:25 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 06:25 AM (IST)
मथुरा में पांच की मौत, आठ मिले डेंगू मरीज
मथुरा में पांच की मौत, आठ मिले डेंगू मरीज

जागरण टीम, मथुरा: बुखार और डेंगू का कहर जिले में थमने का नाम नहीं ले रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक डेंगू के शिकार हो रहे हैं। अभी तक फरह और नौहझील क्षेत्र में ही डेंगू से मौत हो रही थी, लेकिन अब अलग-अलग गांव और कस्बों में भी डेंगू के मरीज दम तोड़ रहे हैं। मंगलवार को जिले में बुखार से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।

नौहझील क्षेत्र के गांव भिदौनी निवासी चंपा देवी (40) पत्नी तुलाराम सिंह की तबीयत खराब होने पर वृंदावन के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसने मंगलवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। गांव भिदौनी में अब तक 11 मरीजों की मौत हो चुकी है। भिदौनी के पास गांव तेहरा में सीमा (35) पत्नी शकील की बुखार से मौत हो गई। स्वजन ने बताया कि उसकी प्लेटलेट्स कम थीं। इसकी वजह से उसे अलीगढ़ के मेडिकल कालेज लेकर गए थे। वहां किसी ने महिला को भर्ती नहीं किया। इलाज के अभाव में महिला की मौत हो गई। वहीं सुरीर में पांच वर्षीय गुंजन और भगत नगरिया में 15 वर्षीय भारती ने भी बुखार के चलते दम तोड़ दिया है। उधर, लोक निर्माण विभाग के एक कर्मचारी की बेटी ने भी दिल्ली में दम तोड़ दिया। विभागीय कर्मचारियों ने बताया कि वह पिछले करीब दस दिन से बुखार से पीड़ित थी। पहले मथुरा फिर आगरा में भर्ती रही। तबीयत में सुधार न होने पर उसे दिल्ली भर्ती किया गया। नोडल अधिकारी डा. भूदेव सिंह ने बताया कि जिले में आठ मरीजों के डेंगू की पुष्टि हुई है। अब जिले में कुल डेंगू मरीजों की संख्या 1070 हो गई है।

chat bot
आपका साथी