गैस का होता रहा रिसाव, कैप्सूल को दौड़ाता रहा चालक

बाटलिग प्लांट से एलपीजी लेकर सिकंदराराऊ के सलेमपुर प्लांट जा रहे कैप्सूल में रविवार सुबह गोकुल बैराज पर अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 05:31 AM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 05:31 AM (IST)
गैस का होता रहा रिसाव, कैप्सूल को दौड़ाता रहा चालक
गैस का होता रहा रिसाव, कैप्सूल को दौड़ाता रहा चालक

संसू, राया: मध्यप्रदेश के जिला बीना स्थित बाटलिग प्लांट से एलपीजी लेकर सिकंदराराऊ के सलेमपुर प्लांट जा रहे कैप्सूल में रविवार सुबह गोकुल बैराज पर अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। उसका वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया। इससे गैस का रिसाव होने लगा। चालक कैप्सूल को 20 किलोमीटर तक दौड़ाता रहा। सलेमपुर और रिफाइनरी के इंजीनियरों की संयुक्त टीम ने वाल्व ठीक किया। इसके बाद कैप्सूल को सलेमपुर बाटलिग प्लांट के लिए भेजा गया। अलीगढ़ जिले के थाना टप्पल क्षेत्र के गांव देवगढ़ निवासी चालक दिगंबर सिंह मध्यप्रदेश के बीना जिले के बाटलिग प्लांट से एलपीजी लेकर सुबह नौ बजे गोकुल बैराज होते हुए हाथरस की ओर जा रहा था। गोकुल बैराज पर अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी, इससे वाल्व क्षतिग्रस्त हो गया और गैस का मामूली रिसाव होने लगा। जानकारी न हो पाने पर चालक कैप्सूल को 20 किलोमीटर तक दौड़ाता रहा। कस्बा राया के समीप पीछे से आ रहे एक ट्रक के चालक ने कैप्सूल से गैस का रिसाव होने की जानकारी चालक दिगंबर को दी। इस पर दिगंबर सिंह ने बताया, जिस स्थान से गैस का रिसाव हो रहा था, उसे भीगे कपड़े से ढक दिया। आबादी क्षेत्र होने के कारण वह कैप्सूल को हाथरस मार्ग स्थित सोनई रेलवे स्टेशन के पास सुनसान स्थान पर ले गया। सूचना पर बिचपुरी पुलिस चौकी प्रभारी संदीप कुमार पहुंच गए और ट्रैफिक रोककर दूसरे मार्ग से निकाला। सलेमपुर बाटलिग प्लांट और रिफाइनरी के इंजीनियरों की टीम भी पहुंच गई। टीम ने वाल्व को ठीक किया। इसमें करीब दो घंटे का समय लगा। इसके बाद सलेमपुर के इंजीनियर कैप्सूल को अपने साथ लेकर चले गए।

chat bot
आपका साथी