पत्थर मार-मार कर जीजा ने साले को उतारा मौत के घाट

पिता ने पुत्री को ससुराल भेजने से कर दिया था इन्कार आरोपित गिरफ्तार

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 05:49 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 05:49 AM (IST)
पत्थर मार-मार कर जीजा ने साले को उतारा मौत के घाट
पत्थर मार-मार कर जीजा ने साले को उतारा मौत के घाट

संवाद सूत्र, बलदेव: थाना बलदेव के गांव झरौठा में शनिवार रात को जीजा ने अपने पांच वर्षीय साले को पत्थर से मार-मार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपित के ससुर ने अपनी पुत्री को उसकी ससुराल भेजने से इन्कार कर दिया। इससे क्षुब्ध होकर आरोपित ने जघन्य वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र की आवास विकास कालोनी (बोदला) निवासी विष्णु की ससुराल थाना बलदेव क्षेत्र के गांव झरौठा में हैं। झरौठा निवासी उदयवीर सिंह ने अपनी पुत्री गायत्री का विवाह एक साल पहले विष्णु के साथ किया था। विवाह के बाद से ही गायत्री की ससुरालियों से अनबन शुरू हो गई। इसका कारण दहेज की मांग बताया गया है। गायत्री काफी दिनों से अपने मायके में रह रही है। शनिवार को विष्णु गायत्री को लेने के लिए अपनी ससुराल आया। उसने गायत्री से साथ चलने के लिए कहा, लेकिन पिता ने गायत्री को भेजने से इन्कार कर दिया। इससे विष्णु नाराज हो गया। वह रात को सोते हुए अपने पांच वर्षीय साले भिखारी को उठाकर ले गया। सादाबाद मार्ग स्थित खाद के गोदाम के समीप पत्थर से विष्णु ने अपने साले को सिर पर वार करके उसकी हत्या कर दी। भिखारी और विष्णु के गायब होने की जानकारी जब उदयवीर सिंह को हुई तो वह उसकी तलाश में लग गए। मृतक के स्वजन ने विष्णु को पकड़ लिया और सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने विष्णु की निशानदेही पर भिखारी के शव को बरामद कर लिया। एसपी देहात श्रीश्चंद्र ने बताया, आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी