गुरु पूजन कर किए बांकेबिहारी के दर्शन

धरी रह गईं कोविड की गाइड लाइन मंदिर में उमड़ा भक्तों का सैलाब

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 06:24 AM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 06:24 AM (IST)
गुरु पूजन कर किए बांकेबिहारी के दर्शन
गुरु पूजन कर किए बांकेबिहारी के दर्शन

संवाद सहयोगी, वृंदावन: कबीर दास जी के दोहे गुरु गोविद दोऊ खड़े काके लागौं पाय. की कहावत को चरितार्थ करते हुए देशभर से आए श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन करने के साथ बांकेबिहारी के दर्शन किए। मंदिर में भक्तों की भीड़ ऐसी कि पुलिस और सुरक्षागार्ड नियंत्रित करने में विफल नजर आए। भक्तों का रेला थमने का नाम नहीं ले रहा था।

गुरुपूर्णिमा पर देश-दुनिया से श्रद्धालु वृंदावन गुरु पूजन के लिए पहुंचे थे। लेकिन गुरु पूजन के बाद ठा. बांकेबिहारी के दर्शन करने से नहीं चूके। गुरु गद्दी पर विराजित आचार्यों का पूजन करने के बाद जब भक्त बांकेबिहारी मंदिर पहुंचे, तो आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम दिखा। मंदिर प्रबंधन ने भक्तों की भीड़ के लिए भारी इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने शहर से बाहर श्रद्धालुओं के वाहनों को पार्किंग में खड़ा कराया। इसके बाद भी बांकेबिहारी मंदिर में जमकर भीड़ उमड़ी और कोविड की गाइड लाइन की भी धज्जियां उड़ती रहीं। जन्मस्थान पर किया गिरिराज महाराज का अभिषेक

संवाद सहयोगी, मथुरा : श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। गिरिराज महाराज का अभिषेक किया गया।

सुबह नौ बजे जन्मस्थान पर श्रीगिरिराज महाराज का पूजाचार्यों ने पंचामृत महाभिषेक किया। ठाकुरजी को श्रृंगार धारण कराया गया। जन्मस्थान संस्थान परिसर में विराजमान शिवलिग अन्नपूर्णेश्वर महादेव का पूजन किया। दोपहर 12 बजे से ब्राह्मण सेवा के साथ श्रद्धालुओं ने भंडारा-प्रसाद ग्रहण किया। शाम चार बजे श्रीगिरिराजजी मंदिर सहित सभी मंदिरों में ठाकुरजी को छप्पनभोग अर्पित किए। अन्नक्षेत्र परिसर में शाम छह से रात आठ बजे तक श्रीकृष्ण संकीर्तन मंडल ने भजन प्रस्तुत किए। गिरिराज पूजा महोत्सव का समापन 108 दीप द्वारा भगवान की आरती कर किया गया। श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी, संयुक्त मुख्य अधिशासी राजीव श्रीवास्तव, विजय बहादुर सिंह, अनिलभाई, कन्हैया लाल, राजीव गुप्ता, पंकज अग्रवाल, ब्रजकिशोर अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, सतीश, मुनीम मौजूद रहे। उधर,

प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री केशव देव मंदिर में सेवायात श्यामाचरण गोस्वामी, गौरव गोस्वामी ने ठाकुर श्री केशव देव जी का पंचामृत अभिषेक मंत्र उच्चारण के बीच कराया। भगवान को नई पोशाक धारण कराई।मनमोहन सर्राफ महेश गोयल ने भजन सुनाए।विपिन गोयल, शंकर लाल सर्राफ, पंडित सोहन लाल शर्मा,नारायण प्रसाद शर्मा, बिहारी लाल गोस्वामी, सुरेश अग्रवाल, विपिन गोयल मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी