पुलिस बैरियर तोड़कर किसानों की दिल्ली कूच की कोशिश असफल

बलदेव महावन राया नीमगांव सुरीर मांट बाजना गोवर्धन और छाता में दो-ढाई घंटे तक जिद पर अड़े रहे किसान

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 05:07 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 05:07 AM (IST)
पुलिस बैरियर तोड़कर किसानों की दिल्ली कूच की कोशिश असफल
पुलिस बैरियर तोड़कर किसानों की दिल्ली कूच की कोशिश असफल

जेएनएन, मथुरा: दिल्ली में मंगलवार को प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड में शामिल होने के लिए पुलिस बैरियर तोड़कर जाने की किसानों की कोशिश असफल रही। पुलिस ने बलदेव, महावन, राया, नीमगांव, सुरीर, मांट, बाजना, गोवर्धन और छाता में किसानों के ट्रैक्टरों को आगे बढ़ने से रोक दिया। दो-ढाई घंटे तक किसान दिल्ली जाने की जिद पर अड़े रहे। अंत में किसान संगठनों ने प्रदर्शन स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों को नए कृषि सुधार कानूनों को समाप्त किए जाने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों के प्रदर्शन से यातायात भी बाधित रहा और सर्दी पाले के मौसम में राहगीर जाम लगने से परेशान रहे।

जिले से भाकियू टिकैत, भाकियू भानु, भाकियू लोकशक्ति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता किसानों को लेकर सोमवार को दिल्ली कूच के लिए अलग-अलग समय पर निकले। किसानों को रोकने के लिए यमुना एक्सप्रेस वे, राया कट, वृंदावन कट, मांट टोल प्लाजा, बाजना कट, हाईवे के कोटवन बार्डर समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। जगह-जगह बैरियर लगाए गए थे। डीएम नवनीत चहल और एसएसपी डा. गौरव ग्रोवर ने फोर्स के साथ यमुना एक्सप्रेस वे की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। -- बलदेव में किसानों ने तोड़े पुलिस के बैरियर : भाकियू टिकैत के जिलाध्यक्ष राजकुमार तोमर की अगुवाई में किसानों ने बलदेव से ट्रैक्टरों पर सवार होकर दिल्ली के लिए कूच किया। अवैरनी चौराहा, नरहौली चौराहा और गांव खप्परपुर पर लगाए बैरियर पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन किसान बैरियर तोड़कर आगे बढ़ गए। इस बीच पुलिस और किसानों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मथुरा बलदेव मार्ग स्थित यमुना एक्सप्रेस वे के पुल पर तैनात पुलिस ने किसानों को आगे बढ़ने से रोक दिया। करीब दो-ढाई घंटे तक किसान दिल्ली जाने की जिद करते हुए प्रदर्शन करते रहे। इससे जाम लग गया। जाम में राहगीर फंस गए और वाहनों की लंबी कतार लग गईं। एसडीएम दीक्षा जैन और सीओ आरती सिंह ने किसानों को समझाया। भाकियू ने प्रशासन पर तानाशाही किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा, वह किसानों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। किसान धरने पर बैठ गए। अंत में किसानों ने अपनी मांग को लेकर एसडीएम महावन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान भाकियू नेता जयपाल सिंह छोकर प्रधान, लेखराज सिंह पहलवान, उदयवीर सरपंच, खुशी पहलवान, पवन चतुर्वेदी, हरपाल प्रधान, संदीप चौधरी, शिवकुमार, गोविदभंरगर, रतनवीर चौधरी, जितेंद्र तोमर, श्रीकांत तोमर, विक्की मधुर, नत्थी लाल तोमर, राजू तोमर, थोलू पहलवान, विकास तोमर आदि मौजूद रहे। --राया में ढाई घंटे तक अड़े रहे किसान: भाकियू भानु के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरेश ठेनुआ, रामवीर सिंह, राजकुमार राना, श्यामवीर सिंह आदि सौ ट्रैक्टर लेकर राया कट पर आ गए। पुलिस ने भारी पत्थर रखकर एक्सप्रेस के ऊपर जाने वाले रास्ते को पहले से ही रोक दिया था। किसान राया कट पर करीब ढाई घंटे तक जमे रहे। यातायात बाधित हो गया। हालांकि यमुना एक्सप्रेस वे के यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। पुलिस ने किसानों को आगे नहीं बढ़ने दिया। अंत में किसानों ने एडीएम फाइनेंस ब्रजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। -- बाजना पर किया हंगामा: भाकियू टिकैत के उपाध्यक्ष रोहिताश सिंह की अगुवाई में तीन दर्जन ट्रैक्टर बाजना से दिल्ली के लिए रवाना हुए थे। उनको पुलिस ने बाजना कट पर ही रोक दिया। किसान करीब दो घंटे तक यहां प्रदर्शन करते रहे। बाजना-गोमत मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाकर किसानों का ज्ञापन लेकर वापस किया। इसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

-- गोवर्धन में किसानों ने बरसाना मार्ग किया जाम:

रालोद नेता मुकेश शर्मा की अगुवाई में दिल्ली जा रहे किसानों को पुलिस ने गोवर्धन-बरसाना मार्ग स्थित गांव पलसों के पास रोक दिया। किसानों ने सड़क पर ट्रैक्टर खड़े कर जाम लगा दिया। रालोद नेता कुंवर नरेंद्र सिंह भी प्रदर्शनकारी किसानों के बीच पहुंच गए। दिल्ली जाने की कोशिश कर रहे किसानों ने नए कृषि सुधार कानूनों को किसानों के लिए काला कानून बताया। एसडीएम राहुल यादव और सीओ रविकांत पाराशर ने किसानों को समझाकर शांत किया। इसके बाद ही किसानों ने जाम खोला। कु. नरेंद्र सिंह ने कहा, किसानों के सम्मान में लड़ाई में वह सबसे आगे की पंक्ति में खड़े नजर आएंगे। मुकेश शर्मा ने कहा, किसानों की मांग पूरी नहीं होगी, तब तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। अंत में किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

---सुरीर में किसान लिए हिरासत में: भाकियू लोकशक्ति के मंडल उपाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राजपूत के नेतृत्व में दिल्ली जा रहे किसानों को सुरीर पुलिस ने रोक लिया। एसएससाइ विजय बहादुर और एसआइ हरिओम त्यागी ने किसानों ने समझाया। इस दौरान किसानों ने प्रदर्शन कर नए कृषि सुधार कानून का विरोध किया। इस अवसर पर लोकेश ठाकुर, जीतू ठाकुर, नवनीत सागर, विष्णू सिंह, छोटू ठाकुर, रन्नो ठाकुर, अवधेश व तेजपाल सिंह शामिल थे। देर शाम तक पुलिस ने किसानों को नहीं छोड़ा था। -- आज होगी यमुना एक्सप्रेस वे पर ट्रैक्टर परेड:

संसू, बाजना: नए किसान सुधार कानूनों के विरोध में किसान कल्याण समिति का धरना छठवें दिन बाजना इंटर कालेज के मैदान में जारी रहा। मंगलवार को समिति बाजना से गाजीपुर बार्डर दिल्ली तक ट्रैक्टर परेड करने जा रही है। इसके लिए गांव-गांव किसानों से समिति के पदाधिकारी संपर्क कर रहे हैं। समिति ने दावा किया है, वह पांच सौ ट्रैक्टर लेकर एक्सप्रेस वे पर परेड करेंगे। गांव आवाखेड़ा, चांदपुर खुर्द, बाघई, भूतगढ़ी, भरतिया का नगला, खानपुर, शहदगढ़ी, जटपुरा, नयावास आदि में संपर्क कर किसानों से परेड में शामिल होने की अपील की। समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामबाबू सिंह ने कहा, ट्रैक्टर परेड निकाल कर किसान सरकार को अपनी शक्ति का अहसास कराएंगे।

chat bot
आपका साथी