गड्ढे में किशोर गिरा तो टूटी अधिकारियों की नींद

कुसमरा में सात दिन पूर्व पेयजल पाइप लाइन लीक होने से गड्ढा हो गया था। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत करने के बाद भी नगर पंचायत ने ठीक नहीं कराया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 06:00 PM (IST) Updated:Thu, 17 Jun 2021 05:46 PM (IST)
गड्ढे में किशोर गिरा तो टूटी अधिकारियों की नींद
गड्ढे में किशोर गिरा तो टूटी अधिकारियों की नींद

संवाद सूत्र, कुसमरा, मैनपुरी: नगर पंचायत के अधिकारी जन सुविधाओं की अनदेखी कर रहे हैं। सात दिन पूर्व कस्बा क्षेत्र में पेयजल पाइप लाइन लीक हो गई थी। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी नगर पंचायत में शिकायत की गई, मगर अधिकारी और कर्मचारी बेफिक्र बने रहे। नतीजा बुधवार को लीक पाइप लाइन से हुए गहरे गड्ढे में एक किशोर गिर गया। इसको लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा हो गया। आक्रोश सड़क पर दिखता इससे पहले ही नगर पंचायत अधिकारियों की नींद टूट गई। आननफानन में कर्मियों की टीम लीकेज सही कराने के लिए मौके पर भेज दी गई। गनीमत रही किशोर को अधिक चोटें नहीं आई अन्यथा ये लापरवाही अधिकारियों को भारी पड़ सकती थी।

कुसमरा कस्बा के सदर बाजार जाने वाले तिराहे पर पेयजल पाइप लाइन बिछी हुई है। एक सप्ताह पहले पाइप लाइन में लीकेज हो गया। लीकेज की जानकारी नगर पंचायत में दी गई, लेकिन इसे सही नहीं कराया गया। धीरे-धीरे लीकेज से यहां गड्ढा हो गया। मंगलवार को बाजार में हुए जलभराव से आवागमन प्रभावित हो गया। स्थानीय दुकानदारों ने इसकी शिकायत की, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। इस पर दुकानदारों ने मंगलवार को बाजार में कर्मियों की मनमानी के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इसके बाद भी दोपहर तक इसे सही कराने के लिए कोई नहीं पहुंचा।

बुधवार दोपहर साइकिल से बाजार आया एक किशोर लीकेज से हुए गड्ढे में गिर गया। आसपास के दुकानदार और राहगीरों ने उसे बाहर निकाला। इस लापरवाही को लेकर लोगों में गुस्सा पैदा हो गया। यह आक्रोश सड़क पर फूटता इससे पहले ही नगर पंचायत की नींद टूट गई। आननफानन में नगर पंचायतकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची और पाइप लाइन लीकेज दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। वर्जन आएगा

chat bot
आपका साथी