बादलों को शिकस्त देकर चमके सूर्यदेव, बिखेरी राहत
मैनपुरी जासं। गुरुवार सुबह कोहरा हल्का हुआ तो सूरज भी चमकते हुए मैदान में आ गए। सूरज के सुकून से नागरिक राहत ले पाते कि बादल भी मैदान में कूद पड़े। सुबह कई घंटे तक सूरज और बदलों के द्वंद में ठंड अपने तेवर दिखाती रही। अंतत दोपहर होने से पहले सूरज काले बादलों पर भारी पड़ते दिखाई दिए। इसके बाद चटख धूप खिलने से हर कोई इसका मजा लेता नजर आया।
जासं, मैनपुरी: कई दिनों से पड़ रही भीषण ठंड से हर कोई बेहाल है। अपने पूरे आवेश में आ चुकी ठंड अब जान भी लेने लगी है। गुरुवार सुबह कोहरा और बादलों के बीच काफी देर तक युद्ध हुआ। कुछ घंटे बाद बादलों को मात देते हुए सूर्य देव चमक उठे। इससे हर कोई राहत महसूस करने लगा। चटख धूप से शरीर सेकने के लिए हर कोई घरों की छतों और बाहर आ गया। सूर्य के तेज का असर यह रहा कि तापमान में भी वृद्धि हो गई।
शीतलहर पर सवार सूरज का सातवां घोड़ा
मौसम के मिजाज ने फिर करवट ली है। गुरुवार को ऐसी धूप खिली कि नागरिकों के चेहरे खिल उठे। सूरज का सातवां घोड़ा कुछ घंटे छोड़कर शीतलहर पर सवार होकर दिनभर दौड़ा। शाम को ही थोड़ी गलन महसूस हुई। पखवाड़े भर से लुढ़क रहा पारा भी संभलता दिखा। अधिकतम तापमान 21.2 और न्यूनतम 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह लोग सोकर उठे तो पहले जैसी ठिठुरन नहीं थी। दोपहर में ऐसी धूप खिली कि लोग पखवाड़े भर से पड़ रही हड्डियां सुन्न करने वाली ठंड को भूल गए। शाम तक धूप निकलने से लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि, रात में फिर से गलन बढ़ती चली गई।
बाजारों में दिखी चहल-पहल
चटख धूप की वजह से बाजार भीड़ से भरे नजर आए। दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ दिखाई दी। जमकर खरीदारी हुई। बस और रेलवे स्टेशन पर भी चहल-पहल बढ़ गई।