बुखार से सोथरा की दो महिलाओं की मौत

बरनाहल क्षेत्र में बुखार से हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते ही जा रहे हैं

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 05:19 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 05:19 AM (IST)
बुखार से सोथरा की दो महिलाओं की मौत
बुखार से सोथरा की दो महिलाओं की मौत

संसू, बरनाहल (मैनपुरी): बरनाहल क्षेत्र में बुखार से हालात दिन प्रतिदिन बिगड़ते ही जा रहे हैं। कई गांवों में बुखार के मरीज हैं। सोथरा में चौबीस घंटे के अंदर दो महिलाओं की मौत ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल खडे़ कर दिए हैं। संक्रामक बीमारी तेजी से पैर पसार रही है। बावजूद इसके सफाई के प्रबंध नाकाफी हैं।

विकास खंड बरनाहल के गांव सोथरा में बुखार से हालात खराब होते जा रहे हैं। 10 दिनों से बुखार का कहर जारी है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाएं अभी तक जोर नहीं पकड़ पाई हैं। बदतर हालातों का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चौबीस घंटे में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। सोमवार की शाम श्रीमती (45) पत्नी राजकुमार की इलाज के दौरान आगरा में मौत हो गई थी। पांच दिनों से बुखार से हालत खराब होने के बाद स्वजन आगरा ले गए थे। मंगलवार को पूजा (25) पत्नी पंकज गोस्वामी ने भी बुखार से दम तोड़ दिया। उन्हें भी स्वजन आगरा के प्राइवेट अस्पताल में इलाज दिलवा रहे थे।

गांव में सैकड़ों की संख्या में लोग बुखार से बीमार हैं। लोगों का आरोप है कि संक्रामक रोगों के होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोई गंभीरता नहीं दिखाई गई है। सिर्फ एक दिन कुछ घंटों के लिए स्वास्थ्य कैंप लगाया गया था। जिसकी जानकारी गांव के लोगों को भी नहीं हो सकी थी। यही वजह है कि लोगों को न तो जांच की सुविधा मिली और न ही बेहतर उपचार।

ग्रामीण बीमारी के लिए गंदगी को जिम्मेदार बताते हैं। आरोप है कि पूरे गांव में सफाई अभियान का संचालन ही नहीं कराया जा रहा है। तालाब की सफाई न होने से गंदा पानी गांव की गलियों की ओर आता है। मच्छरों की वजह से बुखार और दूसरी बीमारियां जोर पकड़ रही हैं। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से समस्या का समाधान कराए जाने की अपील की है।

chat bot
आपका साथी