मंदिर में चोरी करते चोर को रंगेहाथ दबोचा

आवास विकास कालोनी में गायत्री मंदिर का जंगला काट कर रहा था शिव मंदिर का ताला तोड़कर चोरी किए तांबे के बर्तन

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 06:54 AM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 06:54 AM (IST)
मंदिर में चोरी करते चोर को रंगेहाथ दबोचा
मंदिर में चोरी करते चोर को रंगेहाथ दबोचा

जासं, मैनपुरी: सर्दियां शुरू होते ही चोरों की चहलकदमी बढ़ गई है। आधी रात को आवास विकास कालोनी के मंदिर का जंगला काट रहे चोर को लोगों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। वहीं पास ही स्थित शिव मंदिर से चोर तांबे के बर्तन आदि सामान ले गए।

रविवार रात शहर की आवास विकास कालोनी स्थित गायत्री मंदिर में खटपट की आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए। मंदिर का ताला खोलकर देखा तो अंदर एक चोर दानपात्र तोड़कर चोरी कर रहा था। मंदिर की पीछे की दीवार में लगा रोशनदान टूटा हुआ था। लोगों ने चोर को लोहे की राड और बेल्चा सहित दबोच लिया। पुलिस उसे कोतवाली ले गई। पकड़ा गया चोर बार-बार अपना नाम, पता बदल कर बता रहा था। बाद में उसने अपना नाम आकाश निवासी कांशीराम कालोनी बताया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

वहीं गायत्री मंदिर से कुछ ही दूर स्थित शिव मंदिर में भी चोरी की घटना हुई। चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर तांबा के बर्तन चोरी कर लिए। इस घटना की जानकारी मुहल्ले वालों को काफी देर से हो सकी। इंस्पेक्टर कोतवाली अनिल कुमार सिंह ने बताया कि पकड़ा गया चोर अपना नाम, पता सही नहीं बता रहा है। उससे पूछताछ की जा रही है, कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

250 मीटर पर चौकी, 40 मिनट बाद पहुंची पुलिस: मंदिर में चोर पकड़े जाने की सूचना स्थानीय लोगों द्वारा रात लगभग 1:30 बजे ही पुलिस को दे दी गई थी। लेकिन, रेलवे गेट चौकी पुलिस रास्ते की जानकारी न होने की बात कहकर विलंब करती रही। बाद में लगभग 2:20 बजे पुलिस की दो अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं। दो मकानों से हजारों की चोरी

संसू, बेवर: चोरों ने दो मकानों में घुसकर नकदी, जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने दोनों घटनाओं का राजफाश कर चोरों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही है।

क्षेत्र के गांव श्यामपुर भटपुरा निवासी पूर्व सैनिक बहादुर सिंह शनिवार रात घर में सो रहे थे। तभी चोरों ने अंदर घुसकर 90 हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। कुछ ही दूरी पर स्थित बलवीर सिंह तोमर भी परिवार सहित घर में सो रहे थे। चोरों ने उनके घर में घुसकर 26 हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। दोनों घटनाओं की जानकारी अगले दिन सुबह हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों घटनाओं की जांच की। गृहस्वामियों ने घटनाओं की तहरीर दी है। 15 घंटे में ट्रैक्टर लूट का राजफाश, एक गिरफ्तार

जासं, मैनपुरी : रविवार रात हुई ट्रैक्टर लूट की घटना का राजफाश 15 घंटे में कर दिया गया। पुलिस ने एक लुटेरे को लूटे गए ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार कर लिया। उसके दो साथियों को तलाश किया जा रहा है। पकड़े गए लुटेरे ने बाइक चोरी की तीन घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

थाना घिरोर क्षेत के गांव नाहिली निवासी जनवेद सिंह रविवार रात करीब नौ बजे पेट्रोल पंप से ट्रैक्टर में डीजल भरवाकर लौट रहे थे। इस दौरान पीछे से बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर उनका लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई। बदमाशों की तलाश शुरू की गई। इस दौरान पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी खंगाले गए। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान भोले उर्फ शशिकांत निवासी गांव लपकगवां थाना घिरोर, साजिद निवासी नाहिली रोड कस्बा घिरोर, रियाजुल निवासी इटावा के रूप में हुई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू रूक कर दी। सोमवार दोपहर 12 बजे आरोपित शशिकांत को लूटे गए ट्रैक्टर सहित गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की तीन घटनाओं को अंजाम दिया है। पकड़े गए आरोपित का लंबा आपराधिक इतिहास है। उसे जेल भेजा गया है।

chat bot
आपका साथी