गर्मी के तेवर तल्ख, सेहत हो रही बीमार

डायरिया के मरीज बढ़ने लगे। बुखार का हमला भी तेज हुआ है। अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ने लगी।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 06:35 PM (IST) Updated:Sun, 04 Apr 2021 05:28 AM (IST)
गर्मी के तेवर तल्ख, सेहत हो रही बीमार
गर्मी के तेवर तल्ख, सेहत हो रही बीमार

जासं, मैनपुरी : अप्रैल की शुरुआत के साथ ही गर्मी के तेवर भी तल्ख होने लगे हैं। तेज धूप और गर्म हवा सेहत खराब कर रही है। हाल यह है कि अस्पतालों में डायरिया और बुखार के मरीजों की संख्या में इजाफा होने लगा है।

गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दिन निकलने के साथ धूप भी अपना असर दिखाने लगी है। गर्म हवा चलने से लोगों की मुसीबत बढ़ती रही। राहत पाने के लिए लोग चेहरे और शरीर को ढककर ही घर से निकले। गर्मी का असर सेहत पर भी दिखने लगा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल में 600 से ज्यादा मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया, जबकि शनिवार को यह संख्या बढ़कर 900 पहुंच गई है। ज्यादातर मरीज बुखार और डायरिया के थे।

फिजीशियन डा. धर्मेंद्र का कहना है कि मौसम जैसे-जैसे गर्म होगा, डायरिया के मरीजों की तादाद में भी इजाफा होगा। जरा-सी अनदेखी नुकसानदेह साबित हो सकती है। गर्मी और लू के प्रभाव की वजह से उल्टियां होने लगती हैं। शरीर का तापक्रम भी बढ़ने लगता है। अनदेखी करने पर मरीज डीहाइड्रेशन का शिकार हो जाता है। जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में भी डायरिया और बुखार के मरीजों की संख्या ज्यादा रही। बीमारियों से बचने को करें उपाय

- घरों के आसपास पानी का ठहराव न होने दें।

- रात का बचा हुआ और दूषित भोजन खाने से बचें।

- डीहाइड्रेशन से बचने के लिए ज्यादा से ज्यादा पानी का सेवन करें।

- बिना हाथ धोए भोजन का सेवन न करें।

- बाजार की तली-भुनी वस्तुओं को खाने से बचें।

- दो से ज्यादा उल्टियां होने पर तत्काल चिकित्सक की सलाह लें।

chat bot
आपका साथी