सौतेले पुत्र ने की थी हाकिम सिंह की हत्या

पुलिस ने घटना का राजफाश करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या करने की पुष्टि हुई थी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 19 Feb 2021 05:03 AM (IST) Updated:Fri, 19 Feb 2021 05:03 AM (IST)
सौतेले पुत्र ने की थी हाकिम सिंह की हत्या
सौतेले पुत्र ने की थी हाकिम सिंह की हत्या

जासं, मैनपुरी : करीब नौ दिन पहले किसान की गला घोंटकर की गई हत्या का राजफाश हो गया है। इस घटना को मृतक के सौतेले पुत्र ने रुपयों के लालच में अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थाना किशनी के गांव हरचंदपुर निवासी किसान हाकिम सिंह 10 फरवरी को घर में फंदे पर लटका मिला था, उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग घटना को खुदकुशी बता रहे थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया तो गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

सीओ भोगांव अमर बहादुर सिंह ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि मृतक हाकिम सिंह तीन भाई थे। सबसे बड़े भाई रामविलास की शादी सुदामा देवी के साथ 35 साल पहले हुई थी। इस दौरान सुदामा देवी के तीन पुत्र नरेंद्र, अशोक और इंद्रेश हुए। इसी बीच रामविलास की मौत हो गई। करीब 26 साल पहले सुदामा देवी ने दूसरा विवाह हाकिम सिंह के साथ कर लिया। इस दौरान सुदामा देवी की दो पुत्रियां नीतू और रेनू का जन्म हुआ। करीब 15 महीने पहले रेनू ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली थी।

हाकिम सिंह उनके भाई सरदार सिंह और सौतेले पुत्र नरेंद्र, अशोक, इंद्रेश की छह बीघा जमीन सड़क किनारे है। इस जमीन का सौदा नीरज यादव निवासी परशुरामपुर के साथ 2.71 करोड़ रुपये में तय हुआ था। जमीन बिक्री से मिलने वाला अपने हिस्से का रुपया हाकिम अपनी विवाहित पुत्री नीतू को देना चाहते थे। जबकि अशोक व्यापार करने के लिए हाकिम सिंह से रुपयों की मांग कर रहा था। इसे लेकर दोनों के बीच मनमुटाव हो गया था। नाराज होकर अशोक ने हाकिम सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

फंदे पर लटकने की नहीं हुई पुष्टि

परिवार के लोग हाकिम सिंह के फंदे पर लटकने की बात कह रहे थे। पुलिस ने काफी जांच की, लेकिन ऐसा कोई गवाह नहीं मिला, जिसने शव को फंदे पर लटका देखा हो। सभी ने हाकिम सिंह के शव को चारपाई पर पड़ा देखा था। इसलिए पुलिस को परिवार के लोगों द्वारा सुनाई गई कहानी पर संदेह हो रहा था।

सोते समय घोंट दिया था गला

पुलिस की पूछताछ में पकड़े गए अशोक ने स्वीकार किया कि हाकिम सिंह द्वारा रुपये देने से इन्कार किए जाने पर वह नाराज चल रहा था। घटना वाले दिन वह मौके पर पहुंचा तो हाकिम सिंह अकेले चारपाई पर सो रहे थे। तभी मौका पाकर उसने गले में रस्सी का फंदा डालकर उनकी हत्या कर दी।

chat bot
आपका साथी