आढ़ती की बरामदगी को धरना पर बैठे व्यापारी, बाजार बंद

चार दिन पूर्व वसूली कर लौटते समय हुआ था आढ़ती का अपहरण अब तक पुलिस नाकाम दुकानदारों में आक्रोश

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 06:50 AM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 06:50 AM (IST)
आढ़ती की बरामदगी को धरना पर बैठे व्यापारी, बाजार बंद
आढ़ती की बरामदगी को धरना पर बैठे व्यापारी, बाजार बंद

संसू, कुसमरा: चार दिन पूर्व अपहृत आढ़ती का सुराग लगाने में पुलिस अब तक फेल रही है। पुलिस की नाकामी पर आक्रोशित व्यापारी बाजार बंद रखकर धरना पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। व्यापारियों ने अधिकारियों से आढ़ती को जल्द बरामद किए जाने की मांग की है। इधर, पुलिस की पांच टीमें अपहृत की बरामदगी में जुटी हुई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई, मगर कुछ हाथ नहीं लगा। वहीं सुरक्षा के लिहाज से अपहृत के घर पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

थाना किशनी के गांव सहारा निवासी आढ़ती बलराम सिंह रविवार को अलग-अलग क्षेत्रों से छह लाख रुपये की वसूली कर घर लौट रहे थे। बेवर से कुसमरा की तरफ आते समय उनका अपहरण कर लिया गया था। उनकी बाइक और हेलमेट सड़क किनारे पड़े मिले थे। रिपोर्ट उनके भतीजे कृष्णा ने हुसैनपुर के ग्राम प्रधान, रोजगारसेवक आदि के खिलाफ दर्ज कराई है। घटना का राजफाश करने के लिए एसपी ने स्वाट, सर्विलांस सहित पांच टीमें लगाई हैं। चौथे दिन भी पुलिस आढ़ती का पता लगाने में सफल नहीं हो सकी। एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि जल्द ही घटना का राजफाश कर दिया जाएगा।

इधर, अब तक अपहृत को बरामद न किए जाने से कस्बा के व्यापारियों में आक्रोश पैदा हो गया है। बुधवार को व्यापारियों ने कस्बे का बाजार बंद रखकर धरना प्रदर्शन किया। आढ़ती को जल्द से जल्द बरामद किए जाने की मांग की गई। मंडी में भी आढ़तें नहीं खोली गई। इसके चलते किसानों को वापस लौटना पड़ा। बाजार बंद होने से लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि ग्राहकों की परेशानी को देखते हुए व्यापारियों ने शाम को कुछ देर दुकानें खोली। टेंपो चालक के बयान से उलझी अपहरण की गुत्थी

जांच के दौरान पुलिस को एक आडियो रिकार्डिंग हाथ लगी है। इसके जरिए पता चला कि आढ़ती द्वारा टेंपो को रोकने की कोशिश की गई है। इसी आधार पर पुलिस ने कुसमरा-बेवर मार्ग पर चलने वाले टेंपो चालकों से पूछताछ शुरू कर दी। इस दौरान एक टेंपो चालक ने बताया कि रविवार शाम वह अपना टेंपो लेकर कुसमरा की ओर जा रहा था। घटना स्थल के पास आढ़ती के हुलिए जैसे व्यक्ति ने टेंपो रुकवाया था, लेकिन टेंपो में महिलाएं बैठी थी, इसलिए चालक ने उस व्यक्ति को टेंपो में बैठाने से इन्कार कर दिया था। टेंपो चालक के बयान के बाद घटना की गुत्थी औ उलझ गई है। एसपी ने बताया कि घटना की गहराई से छानबीन की जा रही है।

chat bot
आपका साथी