नकली घी बेच रहे किशोरों को लोगों ने पकड़ा, पुलिस ने छोड़ा

कस्बा में नकली घी बेच रहे दो किशोरों को लोगों ने पकड़ कर पुलिस

By JagranEdited By: Publish:Sun, 30 May 2021 05:57 AM (IST) Updated:Sun, 30 May 2021 05:57 AM (IST)
नकली घी बेच रहे किशोरों को लोगों ने पकड़ा, पुलिस ने छोड़ा
नकली घी बेच रहे किशोरों को लोगों ने पकड़ा, पुलिस ने छोड़ा

संसू, औंछा (मैनपुरी): कस्बा में नकली घी बेच रहे दो किशोरों को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में फीरोजाबाद के सरगना का नाम सामने आने के बाद भी पुलिस ने बिना मामला दर्ज किए उनको थाने से छोड़ दिया। मौके पर पहुंचे फूड निरीक्षक ने रिपोर्ट फीरोजाबाद भेजने की बात कहकर जिम्मेदारी ने पल्ला झाड़ लिया।

पिछले कुछ दिनों से दो किशोर औंछा क्षेत्र में घूम-घूम कर नकली घी की बिक्री कर रहे। वे खरीदारों को बताते थे कि दवाई के लिए पैसों की जरूरत थी, इसलिए दादी ने घी बेचने के लिए भेजा है। इस घी को दादी ने अपने हाथों से घर के लिए तैयार किया था। किशोरों की भावनात्मक बातें सुनकर कई लोग उनके शिकार बन चुके है। बाद पता चलता है कि घी नकली है।

शनिवार को कस्बा औंछा निवासी अशोक कुमार अपनी दुकान पर थे, तभी दोनों किशोर छह किलो घी लेकर आ गए और दादी का नाम लेकर भावानात्मक बातें करते हुए उनसे घी खरीदने का आग्रह करने लगे। तभी वहां पहुंचे एक व्यक्ति ने दोनों किशोरों को पहचान लिया और बताया किशोर शातिर है। उसे शिकार बनाकर नकली घी थमा चुके है।

मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंच गई। दोनों किशोरों को थाने लाया गया। फूड इंस्पेक्टर राजीव कुमार भी पहुंच गए। जांच के बाद उन्होंने बताया कि घी नकली है। इस पर किशोरों से पूछताछ हुई तो दोनों ने बताया कि बरामद घी राजकुमार निवासी नगला मांधाती थाना एका फीरोजाबाद का है। उसी के द्वारा बताए गए तरीके से हम लोग घी बेचते है। तभी किशोरों का रिश्तेदार थाने पहुंच गया। बिना मामला दर्ज किए पुलिस ने दोनों किशोरों को रिश्तेदार की सुपुर्दगी में दे दिया। एसओ ऋषि कुमार ने बताया कि मामला खाद्य विभाग का है। वहीं, फूड इंस्पेक्टर राजीव कुमार का कहना है कि आरोपित राजकुमार फीरोजाबाद का रहने वाला है, इसलिए वे अपनी रिपोर्ट अपने विभाग में फीरोजाबाद भेज देंगे। वहीं, उसके खिलाफ कार्रवाई हो जाएगी।

chat bot
आपका साथी