जालसाज का प्लाट कुर्क करने नोएडा जाएगी पुलिस

गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपित लेखपाल प्रदीपेंद्र सिंह राठौर की संपत्तियां कुर्क की जा रही है। प्रशासन ने नोएडा के डीएम को कार्रवाई के संबंध में पत्र लिखा है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 03:45 AM (IST) Updated:Sat, 03 Apr 2021 03:45 AM (IST)
जालसाज का प्लाट कुर्क करने नोएडा जाएगी पुलिस
जालसाज का प्लाट कुर्क करने नोएडा जाएगी पुलिस

जासं, मैनपुरी: जालसाज लेखपाल प्रदीपेंद्र सिंह राठौर की शहर में स्थित संपत्ति को कुर्क करने के बाद प्रशासन ने नोएडा स्थित संपत्ति कुर्क करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए डीएम नोएडा को पत्र लिखा गया है। पुलिस की एक टीम नोएडा जाने की तैयारी में जुट गई है।

शहर के मुहल्ला राजा का बाग निवासी लेखपाल प्रदीपेंद्र सिंह राठौर कुरावली के गांव फतेहजंगपुर का मूल निवासी है। तहसील भोगांव में तैनाती के दौरान उसने ग्रामसभा अहिरवा की करीब 950 बीघा जमीन को फर्जीवाड़ा कर अपने परिचितों के नाम दर्ज कर दिया था। मामले का भंडाफोड़ होने पर वर्ष 2018 में आरोपित लेखपाल सहित 52 लोगों के खिलाफ जालसाजी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इस मामले में आरोपित लेखपाल जमानत पर रिहा हो गया था। उस पर शिकंजा कसने के लिए थाना भोगांव में गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एसपी अविनाश पांडेय ने उसकी संपत्ति की जांच करने का निर्देश दिया था। सीओ भोगांव अमर बहादुर ने जांच शुरू की तो उसके पास अकूत संपत्ति होने के साक्ष्य मिलने लगे। प्रारंभिक जांच में उसके पास करीब साढ़े पांच करोड़ रुपये की संपत्ति होने की पुष्टि हुई है। सीओ भोगांव ने इस संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। मामले की जांच कर रहे एसओ बिछवां विदेश कुमार त्यागी ने अपनी आख्या अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत की। संपत्ति को जब्त करने के लिए डीएम कोर्ट में कार्रवाई शुरू हुई। इस पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने 27 मार्च को उसकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया था।

इसके बाद प्रशासन एवं पुलिस द्वारा उसकी शहर में स्थित संपत्ति को कुर्क कर लिया। अब उसकी नोएडा स्थित कीमती तीन प्लाट को कुर्क करने के लिए पुलिस नोएडा जाएगी। हालांकि डीएम कोर्ट के आदेश की एक प्रति डीएम नोएडा के पास भेजी गई है। पुलिस जल्द से जल्द उसकी संपत्ति को कुर्क कराना चाहती है। पुलिस की जांच में पता चला है कि कुर्क संपत्ति के अलावा भी लेखपाल के पास नोएडा में एक प्लाट व कुरावली क्षेत्र में कृषि भूमि है, जिसे लेखपाल ने अवैध हथकंडे से अर्जित किया है। सीओ भोगांव अमर बहादुर ने बताया कि लेखपाल की अन्य संपत्ति के बारे में जानकारी मिली है, जल्द ही इन्हें भी कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी