मेले में सक्रिय रहे जेबकतरे, चेन स्नेचर

शीतला देवी मंदिर परिसर में लगे मेले में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरे और चेन स्नेचर भी सक्रिय रहे। इस दौरान एक दर्जन से अधिक लोगों की जेब साफ कर दी गई। आधा दर्जन महिलाओं की गले में पहनी जंजीर गायब हो गईं। संदेह के आधार पर पुलिस ने आधा दर्जन महिलाओं और चार युवकों को हिरासत में ले लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 05:00 AM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 05:00 AM (IST)
मेले में सक्रिय रहे जेबकतरे, चेन स्नेचर
मेले में सक्रिय रहे जेबकतरे, चेन स्नेचर

जासं, मैनपुरी : शीतला देवी मंदिर परिसर में लगे मेले में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भीड़ का फायदा उठाकर जेबकतरे और चेन स्नेचर भी सक्रिय रहे। इस दौरान एक दर्जन से अधिक लोगों की जेब साफ कर दी गई। आधा दर्जन महिलाओं की गले में पहनी जंजीर गायब हो गईं। संदेह के आधार पर पुलिस ने आधा दर्जन महिलाओं और चार युवकों को हिरासत में ले लिया है।

शारदीय नवरात्र में शीतला देवी मंदिर परिसर में मेले का आयोजन हुआ है। हजारों श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं। गुरुवार को नवमी पर श्रद्धालुओं की काफी भीड़ रही। हजारों श्रद्धालुओं ने शीतला माता के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर और मेला परिसर में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। महिला पुलिसकर्मियों को संदिग्ध महिलाओं की निगरानी करने के निर्देश दिए गए थे।

पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद भीड़ में जेबकतरे और चेन स्नेचर शामिल हो गए। शहर के आगरा रोड निवासी मीना देवी, मुहल्ला अग्रवाल निवासी सुशीला, छपट्टी निवासी खुशबू सहित आधा दर्जन महिलाओं ने गले पहनी हुई सोनी की जंजीर चोरी जाने की बात कही है। वहीं, सोतियाना निवासी रविद्र, करहल रोड निवासी रामू, बेवर निवासी राहुल, कुरावली निवासी मोहित सहित एक दर्जन लोगों ने जेब से नकदी और मोबाइल चोरी जाने की बात बताई है। हालांकि किसी भी घटना की तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है। इंस्पेक्टर कोतवाली भानु प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। हिरासत में ली गई महिलाओं और युवकों से पूछताछ की जा रही है।

बाइक सवार बदमाशों ने दंपती को लूटा

जासं, भोगांव : बाइक से जा रहे दंपती को पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने लूट लिया और फरार हो गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस बदमाशों का पता लगा रही है।

थाना भोगांव के गांव मेरापुर पुखरा निवासी महेंद्र गौतम गुरुवार शाम छह बजे पत्नी कुसुमलता और दो बच्चों के साथ बाइक से रिश्तेदारी में आलीपुर खेड़ा जा रहे थे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने पीछे से आए बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उन्हें रोक लिया। कुसुमलता के गले में पहनी सोने की जंजीर लूटकर बदमाश फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ भोगांव अमर बहादुर, इंस्पेक्टर रवींद्र बहादुर सिंह पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। पीड़ित दंपती से घटना की जानकारी लेने के बाद हुलिया के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू की। लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। सीओ भोगांव ने बताया कि बदमाशों का पता लगाया जा रहा है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी