पीपल, बरगद और नीम देंगे भरपूर आक्सीजन

इस बार अलग किस्म के पौधे लगाने पर विभागों का ध्यान है। वन विभाग तैयारी में जुटा हुआ है। नर्सरी में पौध संवर रही हैं।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 25 May 2021 06:15 AM (IST) Updated:Tue, 25 May 2021 06:15 AM (IST)
पीपल, बरगद और नीम देंगे भरपूर आक्सीजन
पीपल, बरगद और नीम देंगे भरपूर आक्सीजन

जासं, मैनपुरी: कोरोना काल में आक्सीजन के संकट के बीच पेड़ों की ओर आम जनता ही नहीं, सरकारी विभागों का भी ध्यान गया है। इस बार वन विभाग बबूल के पौधे रोपने से परहेज करेगा। इस बार आक्सीजन बढ़ाने वाले पौधों को रोपने पर खास जोर रहेगा। जिले की चार वन रेंज में इसी साल होने वाले पौधारोपण के लिए पौध तैयार हो रही हैं। इस बार वन विभाग का जोर पीपल, नीम और आक्सीजन बढ़ाने वाले पौधों के रोपण पर होगा। इस साल जिले में 35.39 लाख पौधों का रोपण होगा, इसके लिए विभागवार लक्ष्य दिए गए हैं।

बबूल का पौधा आक्सीजन नहीं देता है, बल्कि जमीन को भी खराब कर देता है। इसलिए इस पौधे को अब केवल ऊसर जमीन सुधार को ही रोपा जाएगा। इस बार जिले के चार वन रेंज की नर्सरियों में नीम, पीपल और बरगद जैसे करीब एक लाख पौधे तैयार किए हैं। इन प्रजातियों के पौधों से सबसे अधिक आक्सीजन मिलती है। इसके अलावा प्रोटीन से भरपूर सहजन का भी रोपण होगा। नीम, पीपल, बरगद के अलावा जामुन, शीशम, अर्जुन, गूलर की भी पौध तैयार कराई गई है। सरकारी विभागों, आवासों व अन्य स्थानों पर लगाने के लिए फलदार वृक्षों में इस बार नींबू, अनार, अमरूद की पौध तैयार कराई गई है। मैनपुरी रेंज के क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहन चंद तिवारी के अनुसार, एक जुलाई से सात जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाएगा। शासन से इन्हीं दिनों में से किसी एक तारीख को विशेष अभियान के तहत एक साथ पूरे जिले में पौधारोपण कराने का निर्देश दिया जाएगा। फिलहाल तारीख के एलान का इंतजार है।

-

इस बार रोपे जाएंगे 35.39 लाख पौधे

जिले में बीते साल 30 लाख से अधिक पौधों से धरा का हरियाली से श्रृंगार किया गया था, जबकि इस बार 35.39 लाख पौधे रोपित किए जाएंगे। इसके लिए वन विभाग समेत 23 विभागों को रोपण का शासन ने बीते साल ही लक्ष्य आवंटित कर दिए थे।

-

वन विभाग लगाएगा 13.39 लाख पौधे-

इस बार आगामी महीनों में होने वाले पौधारोपण अभियान के दौरान वन विभाग सर्वाधिक पौधे रोपित करेगा। शासन ने विभाग को इस साल 13.39 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दिया है। इसके अलावा ग्राम्य विकास 11.76 लाख, पर्यावरण विभाग 15.97 लाख पौधे लगाएगा, जबके िपंचायती राज और राजस्व विभाग को 2.66 लाख पौधे रोपेंगे। इसके अलावा बीस और विभाग भी पौधे रोपित करेंगे।

chat bot
आपका साथी