फायरिग और पथराव के बीच चलता रहा मतदान

तीन जगह फायरिग से मची अफरातफरी एक दर्जन जगह मारपीट-पथराव की घटनाएं

By JagranEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 06:25 AM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 06:25 AM (IST)
फायरिग और पथराव के बीच चलता रहा मतदान
फायरिग और पथराव के बीच चलता रहा मतदान

जागरण टीम, मैनपुरी : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने की कोशिशों के बीच दर्जन भर से अधिक घटनाएं पुलिस-प्रशासन की मुश्किलें बढ़ाती रहीं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन स्थानों पर फायरिग हुई। इसके साथ ही एक दर्जन से अधिक स्थानों पर मारपीट की घटनाएं हुईं। इसमें कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है।

औंछा : थाना क्षेत्र के गांव ईसई मांझपाटी में मतदान के दौरान प्रधान पद के दो प्रत्याशी सुनील श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि दूसरे प्रत्याशी सतीश चंद्र द्वारा नाबालिग से मतदान कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस पर दोनों प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद मारपीट और पथराव होने लगा। पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया तो दोनों पक्ष खेत में पहुंच गए। इस दौरान पहले पथराव हुआ फिर फायरिग होने लगी। अचानक फायरिग से दहशत फैल गई। इस घटना में प्रत्याशी सुनील श्रीवास्तव पथराव की चपेट में आकर घायल हो गए। इसके साथ ही दोनों पक्षों के अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

करहल : क्षेत्र के गांव दोस्तपुर में प्रत्याशियों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाया तो विवाद हो गया। पहले दोनों पक्षों में मारपीट हुई और फिर पथराव के बाद फायरिग होने लगी। इस घटना में दोनों पक्षों को चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही सीओ करहल अशोक कुमार मौके पर पहुंच गए, तब तक उपद्रव कर रहे आरोपित फरार हो चुके थे। सीओ करहल ने फायरिग होने से इन्कार किया है। वहीं गांव असरोही में दशरथ व कल्लू सिंह के समर्थक आपस में भिड़ गए। इस दौरान मारपीट के बाद पथराव हुआ। जिससे कुछ देर मतदान रुका रहा। अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा तब मतदान शुरू हुआ।

दन्नाहार : क्षेत्र के गांव लालपुर में मतदान के दौरान कुछ दबंग मतदान केंद्र पर पहुंच गए। वहां मौजूद एक चुनाव एजेंट ने दबंगों पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया तो गालीगलौज के बाद दबंगों ने फायरिग कर दी। इससे दहशत फैल गई। मतदान करने आए लोग भयभीत हो गए। सूचना मिलते ही एसडीएम सदर ऋषिराज और सीओ सिटी अभय नारायण राय मौके पर पहुंचे, तब तक दबंग फरार हो चुके थे। पुलिस ने दबंग के परिवार की एक महिला को हिरासत में लिया है। गांव सिरौलिया, नादऊ और बम्होरी में भी प्रत्याशियों के बीच विवाद हुआ।

किशनी : गांव शमशेरगंज में शाम करीब पांच बजे दो प्रत्याशी फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाकर एक-दूसरे से भिड़ गए। इससे दोनों ओर से मारपीट और पथराव हुआ। जिसमें दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। गांव कछपुरा महोली में प्रत्याशी रामचरण और बलराज के बीच मतदान को लेकर विवाद हो गया। इस पर बलराज पक्ष ने रामचरण पर हमला कर घायल कर दिया तो रामचरण पक्ष भी सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव हुआ। जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं।

अजीतगंज: थाना एलाऊ के गांव विरतिया में मतदान के दौरान प्रत्याशी शिल्पी और विमलेश कुमारी के समर्थक भिड़ गए। दोनों ने एक-दूसरे पर फर्जी मतदान कराने का आरोप लगाते हुए मारपीट के बाद पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में दोनों पक्षों के अजय सिंह, विजय सिंह, राजीव, आनंद, शिवा, शैलेंद्र घायल हो गए।

बिछवां : क्षेत्र के गांव बीलों में फर्जी मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के समर्थक भिड़ गए। इस दौरान मारपीट और पथराव हुआ, जिससे आधा घंटे तक मतदान बाधित रहा। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने उपद्रवियों को खदेड़ कर फिर से मदतान शुरू कराया। कई लोगों को हिरासत में लिया गया। गांव जगतपुर, औरंध में भी मतदान के दौरान कहासुनी हुई। लेकिन पुलिस की सक्रियता के कारण विवाद नहीं बढ़ सका। सभी मामलों में होगी कड़ी कार्रवाई: एसपी

एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि दो स्थानों पर फायरिग करने के प्रयास की सूचना थी, कुछ जगह मामूली विवाद हुआ है। सभी मामलों में एफआइआर दर्ज कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निजी वाहन में मतपेटिकाएं देख भड़के ग्रामीण, मारपीट

संसू, बिछवां: मतपेटिकाएं बदले जाने के संदेह में औरंध और भवीचंदपुर के ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। इस दौरान जमकर मारपीट के बाद पथराव हुआ। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात पर काबू पाया।

क्षेत्र की ग्राम पंचायत औरंध के मजरा भवीचंदपुर में भी मतदान केंद्र बनाया गया था। मतदान प्रक्रिया समाप्त होते ही ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी आपनी बाइकों से चले गए। मतदानकर्मियों ने मतपेटिकाओं को सील किया। कोई सरकारी वाहन मतदान कर्मी और मतपेटिकाओं को लेने नहीं आया तो स्थानीय निवासी ने अपनी कार उपलब्ध करा दी। मतदान कर्मी मतपेटिकाओं को लेकर औरंध मतदान केंद्र पर पहुंचे।

औरंध के ग्रामीणों ने भवीचंदपुर मतदान केंद्र की मतपेटिकाओं को निजी वाहन से उतारते देखा तो वे भड़क गए। कार उपलब्ध कराने वाले पर मतपेटिकाएं बदलने का आरोप लगा दिया। आधा सैकड़ा ग्रामीण गांव भवीचंदपुर पहुंच गए। यहां गालीगलौज के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव होने लगा। जानकारी मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई तो उपद्रव कर रहे लोग फरार हो गए।

- जिपं सदस्य प्रत्याशी पर फायरिग का आरोप

थाना बिछवां क्षेत्र के गांव इमायतपुर निवासी सुनील कुमार वार्ड संख्या 12 से जिला पंचायत सदस्य पद के भाजपा समर्थित प्रत्याशी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद वे अपने वाहन से घर लौट रहे थे। रास्ते में गांव सिमरई पुलिया के पास घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उनके वाहन पर फायरिग कर दी। चालक ने वाहन को तेजी से दौड़ा दिया। जिससे उनकी जान बच गई। इस घटना के बाद सुनील कुमार के समर्थकों में आक्रोश फैल गया। तमाम समर्थक थाने पहुंच गए। सुनील कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी