जिला अस्पताल में लगेगा आक्सीजन प्लांट

जिला प्रशासन योजना बनाने में जुट गया है। बजट जुटाने की कोशिश है। आबकारी मंत्री और पूर्व सपा सांसद ने सहमति जताई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 04:56 AM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 04:56 AM (IST)
जिला अस्पताल में लगेगा आक्सीजन प्लांट
जिला अस्पताल में लगेगा आक्सीजन प्लांट

जासं, मैनपुरी: कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच यह खबर मैनपुरी के लिए राहत की उम्मीद जगाने वाली है। जिला अस्पताल में आक्सीजन प्लांट स्थापित करने की कोशिशें शुरू हो गई हैं। जिला प्रशासन इसके लिए योजना बनाने और बजट जुटाने की कसरत में लगा है। प्रदेश के आबकारी मंत्री ने इसके लिए अपनी निधि से बड़ी राशि देने का आश्वासन दिया है। वहीं पूर्व सपा सांसद ने भी अपने पार्टी विधायकों से फंड मुहैया कराने को सहमति जता दी है। जिसके बाद प्रशासन जैम पोर्टल पर निविदा जारी करने की तैयारी कर रहा है।

कोरोना संक्रमण मैनपुरी में भी कहर बरपा रहा है। हर रोज कई जिदगियां संक्रमण की चपेट में आकर दम तोड़ रही है। आक्सीजन की कमी भी मौतों की वजह बन रही है। जिले में एक भी आक्सीजन प्लांट नहीं है। ऐसे में अन्य जिलों से हर रोज आपूर्ति मंगाने को जिद्दोजहद होती है। आपूर्ति के लिए फीरोजाबाद जिले का सहारा लिया जा रहा है। ऐसे में अब प्रशासन ने जिला अस्पताल में ही प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई है। आबकारी मंत्री रामनरेश अग्निहोत्री ने भी इस संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए थे। अधिकारियों के मुताबिक आक्सीजन प्लांट लगाने के लिए एक करोड़ रुपये तक खर्च हो सकते हैं। आबकारी मंत्री ने इसमें से करीब आधी धनराशि अपनी निधि से देने का वादा किया है। सपा के पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव ने भी आक्सीजन प्लांट के लिए सहमति जताई है। अधिकारियों से बात के दौरान उन्होंने पार्टी के विधायकों से उनकी निधि से राशि दिलाने की बात भी कही।

जैम पोर्टल से होगा टेंडर-

जिला अस्पताल में लगने वाले आक्सीजन प्लांट के लिए टेंडर जैम पोर्टल से होगा। निविदा लेने के बाद कंपनी इस काम को करेगी। आगामी दिनों में यह योजना मूर्त रूप ले सकेगी। जल्द स्थापित होगा प्लांट: डीएम

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्लांट की स्थापना के संबंध में जानकारी की जा रही है कि कैसे यह जल्द से जल्द किया जा सकता है। इसमें आबकारी मंत्री और अन्य सभी विधायकों आदि का सहयोग लिया जाएगा। कोशिश है कि जल्द काम शुरू हो जाए।

chat bot
आपका साथी