अब टूंडला में भी भर्ती होंगे मैनपुरी के कोरोना मरीज

फीरोजाबाद के टूंडला में एल-3 आइसोलेशन अस्पताल संचालित किया गया है। डीएम ने जानकारी दी है कि एल-2 आइसोलेशन अस्पताल में पहुंचकर इंतजाम देखे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 05:12 AM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 05:12 AM (IST)
अब टूंडला में भी भर्ती होंगे मैनपुरी के कोरोना मरीज
अब टूंडला में भी भर्ती होंगे मैनपुरी के कोरोना मरीज

जासं, मैनपुरी : देर से ही सही, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार नजर आने लगा है। अब हालत बिगड़ने पर जिले के गंभीर मरीजों को टूंडला के एल-3 आइसोलेशन अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने इसकी जानकारी देते हुए एल-2 आइसोलेशन अस्पताल का भी निरीक्षण किया।

शनिवार की दोपहर डीएम ने स्वास्थ्य और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों को साथ लेकर जिला महिला चिकित्सालय के एल-2 आइसोलेशन अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सभी इकाइयां मिलकर मरीजों के हित में काम करें। एल-2 में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरती जा रही है। इसके लिए नगर पालिका के कर्मचारियों को भी साथ में लेकर दिन में तीन बाद हाइपोक्लोराइड के घोल से सफाई कराई जाए।

उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज के साथ भेदभाव न करें। जो भी जरूरत हो, बताएं। उन्होंने मरीजों से बात करते हुए कहा कि हौसला रखें। घबराएं नहीं। सभी का बेहतर उपचार कराया जाएगा। पहले की अपेक्षा अब आक्सीजन और दवाएं भी पर्याप्त मात्रा में हैं। अब यदि किसी मरीज की तबियत खराब होती है तो उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए टूंडला में बनाए गए एल-3 आइसोलेशन अस्पताल में भेजा जाएगा।

उनके साथ निरीक्षण में सीएमओ डा. एके पांडेय, सीएमएस डा. अरविद कुमार गर्ग, तहसीलदार कुरावली कमल कुमार सिंह, वरिष्ठ चिकित्सक डा.अशोक कुमार, डा. अनिल यादव, ऋषि यादव, नायब तहसीलदार अनुभव चंद्रा आदि उपस्थित थे। बेंगलुरू की कंपनी ने थामा मैनपुरी का हाथ

जासं, मैनपुरी : आक्सीजन की कमी से दिन-ब-दिन जिले के बिगड़ते हालातों को संभालने के लिए बेंगलुरू की कंपनी ने मदद की पहल की है। मैनपुरी के लिए 50 आक्सीजन कंसन्टेंटरों की बड़ी खेप भेजी है। इसमें से दो कंसन्टेटर को क्रियाशील कर मरीजों के लिए स्थापित कराया गया है।

पिछले कुछ दिनों में जिले में आक्सीजन की कमी की वजह से कई कोरोना संक्रमितों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। आक्सीजन न होने की वजह से एल-2 आइसोलेशन अस्पताल में रखे वेंटीलेटर भी संचालित नहीं हो पा रहे हैं। स्थिति यह है कि प्रशासन को मदद के लिए हाथ फैलाने पडे़ हैं। इस मुश्किल समय में मैनपुरी की मदद के लिए बेंगलुरू की एसीटी ग्रांट सृजन संस्था ने मदद की बड़ी पहल की है।

संस्था द्वारा जिले के लिए 50 आक्सीजन कंसन्टेटर उपलब्ध कराए हैं। ये पोर्टेबल यंत्र होते हैं, जिनकी मदद से एक बेड पर भर्ती मरीज को जरूरत के अनुसार आक्सीजन दी जा सकती है। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह का कहना है कि दो कंसन्टेटर उपलब्ध हो चुके हैं, जिन्हें एल-2 आइसोलेशन अस्पताल में स्थापित करा दिया गया है। जल्द ही बाकी खेप भी उपलब्ध हो जाएगी। इसे भी आवश्यकतानुसार मरीजों के लिए उपयोग में लाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी