नेताजी के जन्मदिन पर बताऊंगा, तब तक इंतजार करें : शिवपाल

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भाजपा पर हमलावर होते हुए बोले कि इस सरकार में किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। आगामी विधानसभा चुनावों में उनकी पार्टी के बिना कोई भी दल सरकार नहीं बना सकेगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 05:45 AM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 05:45 AM (IST)
नेताजी के जन्मदिन पर बताऊंगा, तब तक इंतजार करें : शिवपाल
नेताजी के जन्मदिन पर बताऊंगा, तब तक इंतजार करें : शिवपाल

संसू, करहल (मैनपुरी) : सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव) का जन्मदिन 22 नवंबर को है, तब तक इंतजार करें।

प्रसपा प्रमुख रविवार को प्रमुख व्यवसाई एवं जैन इंटर कालेज के पूर्व प्रबंधक शैलेंद्र कुमार जैन के निधन पर यहां शोक संवेदना प्रकट करने आए थे। महेंद्र कुमार जैन के आवास पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में भाजपा पर हमला बोला। कहा कि जब से देश और प्रदेश में भाजपा की सरकारें बनी हैं, तब से किसान की उपज का उसको लागत के मुकाबले मूल्य नहीं मिल रहा है। बेरोजगारी पूरे प्रदेश में फैल चुकी है। पढ़ा-लिखा युवा इस समय हताश है। प्रदेश में कानून का कतई राज नहीं है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। जिन सपनों को दिखाकर भाजपा सत्ता में आई थी, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। इनके समय में बेरोजगारी अधिक फैल गई। सभी वर्ग परेशान है। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी मुख्य भूमिका में उभरकर आएगी। हमारे बिना कोई भी उत्तर प्रदेश में सरकार नहीं बना पाएगा। चाचा और भतीजे के एक होने के बारे में शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि 22 नवंबर को नेताजी मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन वाले दिन प्रेसवार्ता कर बताऊंगा, तब तक प्रतीक्षा करें। इस मौके पर नीरज जैन, राहुल जैन, रनवीर सिंह यादव पूर्व प्रधानाचार्य आदि लोग मौजूद रहे।

भाजपा से जनता तंग, प्रदेश में होगा बदलाव: वोटसिंह

जासं, मैनपुरी: प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया का सपा से विलय की बात केवल अफवाह के अलावा कुछ नहीं है। पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव दमदारी से लड़ेगी, इसके लिए चुनाव लड़ने वालों से 30 सितंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। वर्तमान भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान हैं, विधानसभा चुनावों में बदलाव होगा। यह बात रविवार को पार्टी कार्यालय पर पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष वोट सिंह यादव ने कही।

उन्होंने कहा कि इस समय जनता महंगाई से परेशान है, बदलाव करेगी। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है, डीजल-पेट्रोल के दाम आसमान छू रहे हैं और मां-बेटियां सुरक्षित नहीं है। विद्यार्थियों का जीवन खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि तहसील और थानों में बिना रिश्वत काम नहीं होता है, भाजपा नेताओं इनको संभाल रहे हैं। यदि उच्च न्यायालय पहल नहीं करता तो मैनपुरी की बेटी को न्याय नहीं मिल पाता। न्यायालय की कार्रवाई से बेटी के माता-पिता को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर चल रही सपा में विलय की बातों को खारिज किया। वार्ता में सदर विधानसभा क्षेत्र प्रभारी हरि प्रकाश यादव, प्रेम कुमार यादव, जीवन यादव, अरविद यादव, अखिलेश यादव, जगवीर सिंह चौहान, सदाकद वारसी, सुखवंत सिंह यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आजम खान, नेहा चौहान मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी