गंदे नाले से होकर गुजरने को मजबूर शहरवासी

पुलिया न बनने से नगला निरंजन के लोगों को उठानी पड़ रही परेशानी चार साल उठा रहे मांग पालिका पर लगाया अनदेखी का आरोप

By JagranEdited By: Publish:Fri, 03 Dec 2021 06:30 AM (IST) Updated:Fri, 03 Dec 2021 06:30 AM (IST)
गंदे नाले से होकर गुजरने को मजबूर शहरवासी
गंदे नाले से होकर गुजरने को मजबूर शहरवासी

जासं, मैनपुरी: नगरपालिका का वार्ड नंबर 23 नगला निरंजन सुविधा से अब भी बहुत दूर है। यहां के लोगों को अब तक निकलने के लिए रास्ता नसीब नहीं हो सका है। गंदे नाले को पार करके बाजार और अस्पताल तक जाना पड़ता है। शिकायतों से थक चुके लोगों ने अब आगामी विधानसभा चुनाव में किसी भी प्रत्याशी को कालोनी में प्रवेश न करने देने की चेतावनी दी है।

शहर के दीवानी मोड़ के पास से नगला निरंजन की ओर जाने वाली कालोनी में लोगों के आवागमन के लिए कोई रास्ता नहीं है। लोगों को खेतों से होकर वाहनों को गुजारना पड़ता है। लोगों का कहना है कि राधा रमन रोड की दूरी 500 मीटर है। कालोनी और मुख्य सड़क के बीच गंदा नाला बहता है। यदि इस नाले के ऊपर से पुलिया का निर्माण करा दिया जाए तो लोगों को दूरी तय करने में आसानी होगी।

लोगों का कहना है कि एक कालोनी से दूसरी कालोनी तक जाने के लिए लोगों ने नाले में ही पत्थर डाल रखे हैं। इनसे होकर पैदल जाने वाले प्रतिदिन सफर करते हैं। लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में सबसे ज्यादा समस्या होती है। खेतों में पानी भरने के कारण वाहनों का निकलना भी संभव नहीं होता। ऐसे में जान जोखिम में डालकर लोगों को इस नाले से ही पैदल जाना पड़ता है।

कई वर्षों से समस्या निस्तारण की मांग कर रहे हैं, लेकिन पालिका प्रशासन द्वारा अनसुना किया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सप्ताह भर के अंदर कोई सुनवाई नहीं होती है तो कालोनी के लोग इस विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करते हुए नेताओं के प्रवेश को भी प्रतिबंधित कर देंगे। मांग करने वालों में शिवम, आकाश, प्रवीण कश्यप, राजेश कुमार, विशुनदयाल, रमन वर्मा, अंकित कुमार, अर्जुन कश्यप, विनीता देवी, दीपक कुमार, किरन, संदीप कुमार यादव आदि शामिल रहे। इस समस्या का निस्तारण राज्य सेतु निगम द्वारा किया जाना है। स्थलीय स्थान के पुल का निर्माण नगर पालिका सीमा क्षेत्र में आता ही नहीं है। इसलिए पालिका प्रशासन द्वारा इस शिकायत का निस्तारण नहीं किया जा सकता है।

लालचंद भारती, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद।

chat bot
आपका साथी