कंटेनर ने महिलाओं को रौंदा, दो की मौत, तीन घायल

गुरुवार रात कुरावली क्षेत्र में हुआ हादसा गैलनाथ नहर पुल पर कर रहीं थी वाहन का इंतजार।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 06:34 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 06:34 AM (IST)
कंटेनर ने महिलाओं को रौंदा, दो की मौत, तीन घायल
कंटेनर ने महिलाओं को रौंदा, दो की मौत, तीन घायल

संसू, कुरावली: गुरुवार रात वाहन की प्रतीक्षा के लिए मंदिर के चबूतरे पर बैठी महिलाओं को एक कंटेनर ने रौंद दिया। इस घटना में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गई। सभी महिलाएं एक समारोह में पूड़ी बेलकर लौट रही थी। महिलाओं को टक्कर मारने के बाद कंटेनर पलट गया, जिससे जाम लग गया। पुलिस ने रूट डायवर्ट कर आवागमन सुचारु कराया।

थाना कुरावली क्षेत्र के गांव गोकुलपुर निवासी सोमवती पत्नी रामबरन, कविता पत्नी आशाराम, मलौदा देवी पत्नी सुखवीर, बन्नी देवी पत्नी मुन्नालाल व थाना बिछवां के गांव नगला उजीर निवासी विद्या देवी पत्नी प्रभूदयाल शादी समारोह में पूड़ी बेलकर अपने परिवार का भरण पोषण करती हैं। गुरुवार को सभी महिलाएं थाना कुरावली क्षेत्र के गांव नगला बख्ती में आयोजित विवाह समारोह में पूड़ी बेलने गई थी। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रात करीब 11 बजे सभी महिलाएं अपने घर जाने के लिए गैलानाथ नहर पुल के पास वाहन की प्रतीक्षा कर रही थीं। वाहन न मिलने पर सभी महिलाएं पास ही मंदिर के चबूतरे पर बैठीं थी। इसी बीच दिल्ली की ओर से आया एक कंटेनर वहां पहुंच कर अनियंत्रित हो गया। सभी महिलाओं को चपेट में लेने के बाद कंटेनर सड़क पर पलट गया।

इस घटना में सोमवती और विद्या देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीनों महिलाएं गंभीर घायल हो गई। थोड़ी देर में पुलिस पहुंच गई। घायल महिलाओं को अस्पताल भिजवाया। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। कंटेनर के सड़क पर पलट जाने से जाम लग गया। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस ने गैलानाथ नहर पुल पर फंसे वाहनों को नहर की पटरी पर बनी सड़क के रास्ते कुरावली रोड पर डायवर्ट किया। वहीं एटा की ओर से आने वाले वाहनों को कुरावली रोड पर डायवर्ट कर आवागमन सुचारु कराया। बाद में मौके पर पलटे कंटेनर को भी हटवा दिया गया। घटना के बाद मौके से फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है। सड़क हादसों में दो की मौत, कई घायल

जासं, मैनपुरी: थाना कुरावली क्षेत्र में बाइक फिसलने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं उसके दो साथी घायल हो गए। एलाऊ क्षेत्र में लोडर की टक्कर लगने एक युवक की मौत हो गई। वहीं अन्य सड़क हादसों में बालिका सहित चार लोग घायल हो गए।

कुरावली: थाना क्षेत्र के गांव अशोकपुर खटकानी निवासी अरुण (22) अपने साथी गांववासी शिवम और सौरभ के साथ शुक्रवार को किसी काम से कस्बा कुरावली गए थे। शाम पांच बजे लौट रहे थे, तभी जीटी रोड पर पेट्रोल पंप के पास एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों युवक घायल हो गए। अरुण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस के देर से पहुंचने के कारण लोगों में आक्रोश फैल गया। मौजूद लोगों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया। इंस्पेक्टर कुरावली देवेंद्र नाथ मिश्रा ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया तब ग्रामीणों ने आधा घंटे बाद शव को उठाने दिया।

अजीतगंज : दूसरी मौत अजीतगंज में हुई। औरैया के गांव परवा देवयान निवासी सुनील कुमार गुरुवार शाम को थाना एलाऊ क्षेत्र में जा रहे थे। भांवत गांव के पास एक लोडर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है।

बिछवां: एटा के सराय अड्डा नई बस्ती निवासी सतीश चंद्र गुरुवार शाम बाइक से बिछवां क्षेत्र में बीलों-भनऊ मार्ग पर जा रहे थे। गांव कंसपुर के पास उनकी बाइक असंतुलित होकर फिसल गई, जिससे वे घायल हो गए। चौथी घटना में थाना कुरावली के गांव दहीपगार निवासी वृद्ध रामदास शुक्रवार शाम साइकिल से गांव अशोकपुर खटकानी के पास जा रहे थे। तभी एक बाइक ने टक्कर मार दी। इस घटना में वृद्ध रामदास और बाइक सवार रमेश निवासी रनियां एटा घायल हो गए। एक अन्य घटना में थाना कुरावली के गांव अशोकपुर सोनई निवासी प्रेमसिंह की आठ वर्षीय पुत्री प्रतिज्ञा शुक्रवार शाम गांव के पास सड़क पार कर रही थी, तभी एक बाइक ने टक्कर मार दी। जिससे वह घायल हो गई।

chat bot
आपका साथी