आसमान पर चांद, धरा पर खिलखिलाई चांदनी

महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत चांद को निहारकर खोला व्रत फूल- मिठाई की दुकानों पर रही भीड़ ज्वैलरी भी खरीदी गई

By JagranEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 06:00 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 06:00 AM (IST)
आसमान पर चांद, धरा पर खिलखिलाई चांदनी
आसमान पर चांद, धरा पर खिलखिलाई चांदनी

जासं, मैनपुरी: रविवार को दिनभर निर्जला व्रत के बाद आसमान में चांद का दीदार होते ही धरा पर इंतजार करती चांदनी खिलखिला उठी। एक चांद आसमान से चांदनी की खूबसूरती पर फिदा था तो दूसरा चांद सामने खड़ा होकर जीवनभर साथ निभाने का वादा कर रहा था। करवाचौथ त्योहार पर फूल और मिठाई जमकर बिकी तो ज्वैलरी भी खरीदी गई।

पति की दीर्घायु को रखा व्रत

पति-पत्नी के अटूट प्रेम के प्रतीक करवाचौथ पूरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया गया। पति की लंबी उम्र की कामना के लिए जहां पत्नी ने रविवार दिन भर निर्जल व्रत रखा। रीति-रिवाज के साथ पूजा और कहानी सुनने के बाद महिलाओं ने चांद के दर्शन कर अपना व्रत खोला। पत्नी ने पति को पानी पिलाकर उपवास तोड़ा। पतियों ने उपहार देकर प्रेम का इजहार किया।

करोड़ों के कारोबार से खिलखिलाया बाजार

करोड़ों रुपये के कारोबार से इस बार शहर के बाजार खिलखिला उठे। सबसे ज्यादा धन वर्षा ज्वैलर्स, कपड़ा और सुंदरता निखारने की दुकानों पर हुई। आभूषण विक्रेताओं रामबाबू वर्मा का कहना है कि महिलाओं द्वारा इस बार बीते साल के मुकाबले सस्ता होने से सोने की खूब खरीदारी की गई। कपड़ा कारोबारी अजय कालरा का कहना है कि कारोबार की स्थिति भी बेहद अच्छी रही। सबसे ज्यादा डिजाइनर साड़ियों की बिक्री हुई। जरीदार, गोटेदार और जार्जेट साड़ियों की मांग भी बढ़ी है। अनुमान के मुताबिक, करवाचौथ पर तकरीबन दस करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है। पार्लरों में भी नहीं रही पैर रखने की जगह

रविवार को भी सजने के लिए महिलाओं की भीड़ ब्यूटी पार्लरों पर लगी रही। सुंदर दिखने के लिए महिलाओं द्वारा मेडिक्योर और पेडिक्योर कराया गया। मेहंदी रचाने के लिए पार्लर संचालकों को ब्यूटीशियन की मदद लेनी पड़ी। शहर के स्टेशन रोड पर संचालित वीएलसीसी की संचालिका आशा चौहान ने बताया कि रविवार को महिलाएं उनके यहां मेकअप कराने के लिए आई, इसके लिए पहले से बुकिग थी।

खूब बिकी मिठाई और फूल

करवाचौथ पर महिलाओं ने सजने के लिए फूल खरीदने को प्राथमिकता दी। पत्नियों के बालों में गजरा के लिए पतियों ने फूल खरीदे। व्रत खोलने के बाद पत्नी को मिठाई खिलाने का रिवाज पूरा करने के लिए मिठाई भी खरीदी गई। त्योहार पर गलियों में चल रही मिठाई की दुकानों पर सजावट भी देखने को मिली। कई पतियों ने पत्नी को उपहार में देने के ज्वैलरी भी खरीदी। सुबह डरा गए बादल

रविवार सुबह दस बजे के आसपास आसमान में हल्के बादलों की मौजूदगी से सूरज छिपते नजर आए। इससे चांद के दीदार पर आशंका बनी, लेकिन बाद में मौसम सही हो गया।

चांद निकलते ही छूटी आतिशबाजी

रात को आठ बजे के बाद आसमान में चांद नजर आया तो उत्साही युवाओं ने आतिशबाजी चलाकर समूचे शहर को इसका संदेश धमाकों से दिया। वैसे, काफी देर तक आतिशबाजी चलती रही। रोहिणी नक्षत्र में हुआ चांद का दीदार

रविवार को रोहिणी नक्षत्र और शंख योग बना। चंद्रमा उच्च राशि वृषभ में रहा। इस साल करवा चौथ ग्रहों की दृष्टि से भी कुछ खास रहा। सर्वार्थ सिद्धि और धाता योग भी बना। करीब 14 साल बाद ऐसा हुआ।

chat bot
आपका साथी