अभिलेखों का रखरखाव ठीक न होने पर आइजी ने जताई नाराजगी

आइजी आगरा नवीन अरोरा मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर मुख्यालय पहुंचे। इस दौर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 03:10 AM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 03:10 AM (IST)
अभिलेखों का रखरखाव ठीक न होने पर आइजी ने जताई नाराजगी
अभिलेखों का रखरखाव ठीक न होने पर आइजी ने जताई नाराजगी

जासं, मैनपुरी : आइजी आगरा नवीन अरोरा मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने एसपी कार्यालय और सीओ सिटी कार्यालय का निरीक्षण किया। शाम को पुलिस पेंशनरों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी।

सुबह करीब 11 बजे मुख्यालय सर्किट हाउस पहुंचे आइजी को सलामी दी गई। इसके बाद वे सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यालय के प्रत्येक पटल का निरीक्षण किया। एसपी कार्यालय में करीब चार घंटे मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने शिकायत विभाग, पेशी, डीसीआरबी, विशेष जांच प्रकोष्ठ, महिला प्रकोष्ठ और अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। अभिलेखों के ठीक रखरखाव न होने पर नाराजगी जताई।

एसपी कार्यालय में निरीक्षण करने के बाद वे सीओ सिटी कार्यालय पहुंचे। यहां भी अभिलेखों का निरीक्षण किया। कर्मचारियों से बातचीत की। कार्रवाई की प्रगति को लेकर जानकारी ली। बाद में पुलिस लाइन के सभागार में पुलिस पेंशनरों के साथ गोष्ठी में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पेंशनरों की शिकायतें सुनकर उनका समाधान कराने का आश्वासन दिया। देर रात उनके द्वारा अपराध समीक्षा बैठक किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही थाना करहल व अन्य थानों और चौकियों के निरीक्षण बुधवार को किए जाएंगे।

- शिकायत पेटिका में मिली चार माह पुरानी शिकायत

एसपी कार्यालय में लोगों की शिकायतें डालने के लिए एक शिकायत पेटिका रखी गई है। निरीक्षण के दौरान आइजी की निगाह शिकायत पेटिका पर पड़ी। उन्होंने पेटिका खोलने का निर्देश दिया। पेटिका खोली गई तो उसमें चार माह पुराना शिकायती पत्र पड़ा मिला। इस पर आइजी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुराना शिकायती पत्र मिलने से साबित हो रहा है कि शिकायत पेटिका को नियमित नहीं खोला जा रहा है। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया है।

chat bot
आपका साथी