केबिल बाक्स में लगी आग, 12 घंटे ठप रही बिजली

विद्युत उपकेंद्र भोगांव में शनिवार रात दो बजे ट्रांसफार्मर में स्पार्किंग हुई। बिजली और जलापूर्ति ठप रहने से लोगों को परेशानी हुई।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 04:24 AM (IST) Updated:Mon, 14 Jun 2021 04:24 AM (IST)
केबिल बाक्स में लगी आग, 12 घंटे ठप रही बिजली
केबिल बाक्स में लगी आग, 12 घंटे ठप रही बिजली

संसू, भोगांव, मैनपुरी: विद्युत उपकेंद्र के मुख्य ट्रांसफारमर के केबिल बक्सा में स्पार्किंग के बाद आग लग गई। इससे 12 घंटे तक तहसील मुख्यालय के सभी फीडरों की आपूर्ति ठप पड़ी रही। बिजली आपूर्ति ठप होने से नगर पंचायत की पेयजल व्यवस्था पर बुरा असर पड़ा। लोगों को पेयजल के लिए तरसना पड़ गया।

नगर के मैनपुरी रोड स्थित विद्युत उपकेंद्र पर सप्लाई के लिए रखे पांच एमवीए क्षमता के ट्रांसफारमर लगा हुआ है। इससे इनकमिग मशीनों के लिए आने वाली केबिल का बक्सा शनिवार रात लगभग दो बजे अचानक शार्ट सर्किट होने के बाद फंट गया। इसके बाद केबिलों में आग लग गई और कुछ ही देर में मैन लाइन से उपकेंद्र की मशीनों को मिलने वाली आपूर्ति ठप हो गई। रात दो बजे बिजली गुल होने के बाद सुबह बिजली कर्मचारियों की टीम ने खामी को खोजकर उसे दुरुस्त करने का प्रयास शुरू किया। उप खंड अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा व जेई वहीद अहमद की निगरानी में बिजली कर्मचारियों की टीम ने केबिल को दुरुस्त कर रविवार दोपहर दो बजे के बाद आपूर्ति को सुचारू कराया। उमस भरी गर्मी में लगातार आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का बुरा हाल हो गया। सुबह नगर पंचायत की पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही। उप खंड अधिकारी नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि केबिल बाक्स को दुरुस्त कराकर आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। उन्होंने बताया कि मैन सप्लाई के लिए नई केबिल बिछाने का प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। रात में बारिश, दोपहर में सताती रही उमस

जासं, मैनपुरी: शनिवार रात बारिश के बाद रविवार दोपहर उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। हालांकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट होने से अगले दिनों में मौसम का मिजाज सुकून देने वाला हो सकता है। उधर, मौसम विभाग ने अगले सप्ताह मानसून की पहली बारिश होने की बात कही है।

शनिवार दोपहर हल्की बारिश के बाद देर रात शहर और आसपास के इलाकों में कुछ समय के लिए जोरदार बारिश हुई। इसकी वजह से दो बार बिजली आपूर्ति ठप रही। सुबह आसमान मे बादल छाए तो ठंडी बयार चली, जिससे नागरिकों को राहत मिली। इसके बाद आसमान साफ होते ही धूप खिल उठी। इससे मौसम में उमस हो गई। नागरिक पसीने से भीगते रहे। बीच-बीच में हल्के बादल छाने से कुछ राहत भी महसूस हुई।

और नीचे आया तापमान

बारिश की वजह से दिन और रात का तापमान भी कम होने लगा है। चार दिन पहले अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से पार पहुंच गया था, वह रविवार को 37 डिग्री सेल्सियस बना रहा। उधर, न्यूनतम तापमान भी अब 30 से गिरकर 26 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है।

बीते साल गर्म रही थी 13 जून

बीते साल 13 जून का दिन गर्म रहा था। इस दिन अधिकतम तापमान 40 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा था।

अगले सप्ताह आ सकता है मानसून

कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी नरेंद्र कुमार के अनुसार, अगले सप्ताह मानसून जिले में दस्तक दे सकता है। वैसे, उससे पहले मौसम राहत वाला बना रहेगा। तापमान भी सही रहेगा।

chat bot
आपका साथी