कपड़ा सुखाते में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत

दन्नाहार के गांव नगला बरी में हुआ हादसा कपड़े सुखाने को बंधे लोहे के तार में आया करंट

By JagranEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 06:50 AM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 06:50 AM (IST)
कपड़ा सुखाते में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत
कपड़ा सुखाते में करंट लगने से पिता-पुत्र की मौत

संवाद सूत्र, दन्नाहार: गांव नगला बरी में पिता-पुत्र विद्युत करंट लगने बुरी तरह झुलस गए। उनको उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसा के बाद गांव में शोक छाया हुआ है।

दन्नाहार थाना क्षेत्र के गांव नगला बरी निवासी सुशील सोमवार सुबह 9.30 बजे नहाने के बाद आंगन में बंधे लोहे के तार पर कपड़े सुखा रहे थे। लोहे का तार दीवार में लगे जिस कुंडे से बंधा था, उससे ही बिजली की केबल भी बंधी हुई थी। कपड़े डालते समय अचानक लोहे के तार में करंट आ गया और सुशील उसकी चपेट में आ गए। चीख सुनकर आंगन में ही मौजूद सुशील के पिता रमेश चन्द्र उर्फ भूरे बचाने के लिए पहुंचे, परंतु करंट ने उनको भी चपेट में ले लिया। पिता-पुत्र को कंरट लगते देख सुशील की मां सुनीता देवी ने मदद के लिए शोर मचाया और दोनों को छुड़ाने की कोशिश की, परंतु उनको भी करंट लग गया। इस बीच शोर सुनकर पड़ोस में रहने वाले सुशील कुमार के चाचा राजेश कुमार पहुंच गए। उन्होंने कपड़े से बिजली की केबिल को पकड़कर खींचा। इस बीच अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए। आनन-फानन में पिता-पुत्र को जिला अस्पताल मैनपुरी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे में राजेश कुमार और सुनीता देवी भी झुलस गए। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया। पूरा गांव शोक में डूबा है। शोक के चलते ज्यादातर घरों के चूल्हे भी नहीं जले।

इकलौते पुत्र थे सुशील: सुशील कुमार अपने घर के इकलौते पुत्र थे। उनकी एक बहन हैं, जिसकी शादी हो चुकी है। वहीं सुशील कुमार की दो साल पहले प्रीती के साथ शादी हुई थी, परंतु सुशील कुमार अब तक निसंतान थे।

गली में जलभराव से परेशान हुए संवेदना व्यक्त करने वाले: हादसे की जानकारी मिलने के बाद रिश्तेदार और अन्य ग्रामीण घर पहुंचने लगे। परंतु गांव के आम रास्ता पर जलभराव और कीचड़ से उनको परेशानी झेलनी पड़ी। इस पर ग्रामीणों ने मिलकर रास्ते से पानी निकाला।

chat bot
आपका साथी