पुलिस मौजूदगी में किसानों ने लहराए काले झंडे

नए कृषि कानून के विरोध में भारतीय किसान यूनियन ने जिले में मनाया काला दिवस

By JagranEdited By: Publish:Thu, 27 May 2021 06:25 AM (IST) Updated:Thu, 27 May 2021 06:25 AM (IST)
पुलिस मौजूदगी में किसानों ने लहराए काले झंडे
पुलिस मौजूदगी में किसानों ने लहराए काले झंडे

जासं, मैनपुरी: नए कृषि सुधार कानून को वापस लिए जाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य को लेकर कानून बनाने की मांग कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा ने बुधवार को काला दिवस मनाया। आंदोलन के छह महीने पूरे होने पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में घरों पर काले झंडे लहराए। पुलिस ने भी आंदोलन को रोकने के लिए सुबह से ही किसान नेताओं को घरों में रोक दिया। कई किसान नेताओं के घरों पर पुलिस तैनात रही।

केंद्र सरकार द्वारा बनाए गए नए कृषि सुधार कानून के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलन कर रहा है। आंदोलन के छह महीने पूरे होने पर भाकियू (टिकैत) ने पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर बुधवार को काला दिवस मनाया। करहल के ब्लाक अध्यक्ष गणेश चंद राजपूत ने पुलिस मौजूदगी में कार्यकर्ताओं के साथ काला झंडा लहराकर नए कानूनों का विरोध किया। यूनियन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यूनियन नेताओं ने कहा कहा, जब तक किसानों की मांग पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा। यहां योगेंद्र कुमार, हाकिम सिंह, विश्वनाथ सिंह, अवधेश कुमार, रमेश चंद, अनिल और सुनील आदि किसान मौजूद रहे। इससे पहले यहां करहल और कुर्रा पुलिस आ गई। बीएसए विजय प्रताप सिंह भी किसानों को समझाने आए।

यहां भी लहराए गए काले झंडे

जिले में बुधवार को मनाए गए काले दिवस पर सभी ब्लाक में किसान नेताओं ने काले झंड़े लहराए। मानिकपुर में युवा भाकियू अध्यक्ष अनुज प्रताप, करहल तहसील अध्यक्ष रवी सिंह ने महूती गांव में , घिरोर में रूपेंद्र शाक्य, बरनाहल में शेर सिंह ने काला झंडा घर पर लगाया। इसके अलावा जागीर, किशनी, मैनपुरी और अन्य ब्लाक में भी भाकियू नेताओं ने काले झंडे लहराए।

नजरबंद रहे किसान नेता

काला दिवस मनाने से रोकने के लिए पुलिस ने बुधवार सुबह ही किसान नेताओं को घरों में नजरबंद कर लिया। इन नेताओं के घरों पर पुलिस दोपहर बाद तक तैनात रही। किसान नेताओं की गतिविधि पर रही पुलिस की नजर

संसू, भोगांव: नए किसान कानून के विरोध में किसान आंदोलन के छह माह पूरे होने के बाद प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर बुधवार को पुलिस पूरे दिन अलर्ट रही। किसान नेताओं के घरों पर जाकर उनकी गतिविधियों की निगरानी की गई।

बुधवार को तहसील मुख्यालय पर किसानों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सुबह से ही पुलिस सक्रिय हो गई। सीओ अमर बहादुर, इंस्पेक्टर विजय गौतम ने भारतीय किसान यूनियन के तहसील अध्यक्ष बेंचेलाल राजपूत के कांशीराम कालोनी आवास पर जाकर उनसे बातचीत और कोविड प्रोटोकाल को न तोड़ने की सख्त हिदायत दी। सीओ ने अन्य किसान नेताओं की निगरानी के लिए पुलिस कर्मियों को एक्टिव कर दिया। पुलिस की निगरानी के चलते किसान नेता प्रदर्शन नहीं कर पाए।

बरनाहल : किसान कानून के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के नेताओं ने गांव मढ़ामई, सोड़रा, नगला नधा, जैतपुर में काले झंडे लहराकर विरोध जताया। किसानों को घरों से बाहर निकलने से रोकने के लिए सुबह से ही पुलिस ने सक्रियता दिखाई। किसान नेता रूप सिंह शाक्य, चरन सिंह, शेरसिंह, मोहनलाल ने काले झंडे लहरा कर विरोध जताया।

chat bot
आपका साथी