दोस्तों ने किया था दुर्गपाल का कत्ल

दोस्त की प्रेमिका पर बुरी नीयत रखना बना वजह, पुलिस ने किया पर्दाफाश, तीन आरोपित गिरफ्तार।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jan 2019 09:48 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jan 2019 09:48 PM (IST)
दोस्तों ने किया था दुर्गपाल का कत्ल
दोस्तों ने किया था दुर्गपाल का कत्ल

मैनपुरी, जागरण संवाददाता। एक दोस्त की प्रेमिका पर बुरी नीयत रखना दुर्गपाल की हत्या का कारण बना। दोस्तों ने मिलकर उसे ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने घटना का पर्दाफाश कर तीनों दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने घटना में प्रयुक्त दो कुल्हाड़ी व मृतक का मोबाइल फोन बरामद कराया है।

औंछा क्षेत्र के गांव पराहार के दुर्गपाल (19) पुत्र रामऔतार की 14 जनवरी की रात गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। अगले दिन सुबह दुर्गपाल का शव खेत की मेड़ पर पड़ा मिला था। परिजनों ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस अधीक्षक ने खुद गांव जाकर तहकीकात की थी। राजफाश करने के लिए औंछा पुलिस के अलावा स्वाट व सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। तीनों टीमें राजफाश करने की कोशिश में जुटी थीं। पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन गांव का दीपक पुत्र कुंवरपाल दिनभर दुर्गपाल के साथ रहा था। रात को भी उसे दुर्गपाल के साथ खेतों की ओर जाते देखा गया था। इस पर पुलिस का शक दुर्गपाल की ओर गहरा गया। इसी दौरान सर्विलांस के जरिए पता चला कि दुर्गपाल का गायब फोन का प्रयोग भी घटना के बाद दीपक ने किया है। इस पर पुलिस ने दीपक पर शिकंजा कस दिया।

पुलिस अधीक्षक अजय शंकर राय ने बताया कि जांच में पता चला कि घटना के समय दीपक के चचेरे भाई सौरभ व सूरज पुत्रगण उदयवीर भी साथ थे। शुक्रवार सुबह पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। एसपी के मुताबिक तीनों ने हत्या में शामिल होना स्वीकार लिया। दीपक ने बताया कि उसके गांव की एक युवती के साथ प्रेम संबंध थे। दुर्गपाल उसकी प्रेमिका पर गलत नीयत रखता था। उस पर भी प्रेमिका से मिलवाने क लिए दबाव बनाता था। गुस्से में आकर उसने अपने चचेरे भाइयों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

घटना वाले दिन उसने दुर्गपाल को प्रेमिका से मिलवाने के बहाने अपने खेत पर लगे नलकूप पर बुलाया। दुर्गपाल पहुंचा। तभी तीनों ने मिलकर उसकी कुल्हाड़ी प्रहार कर हत्या कर दी। उसका मोबाइल फोन भी ले लिया। पुलिस ने तीनों को जेल भेज दिया है।

chat bot
आपका साथी