दुर्गानवमी पर मंदिरों में की पूजा अर्चना, मांगा आशीर्वाद

शीतला धाम पर हजारों भक्तों ने टेका मत्था मांगी मनौतियां देर शाम तक लगी रही मइया के दर्शन को भक्तों की कतार

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 06:51 AM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 06:51 AM (IST)
दुर्गानवमी पर मंदिरों में की पूजा अर्चना, मांगा आशीर्वाद
दुर्गानवमी पर मंदिरों में की पूजा अर्चना, मांगा आशीर्वाद

जासं, मैनपुरी: दुर्गा महानवमी पर बुधवार को माता सिद्धिदात्री की उपासना को आस्था का सैलाब उमड़ा। सिद्ध शीतला माता धाम पर पहुंचे भक्तों ने माता का पूजन कर मनौतियां मांगीं। देर शाम तक श्रद्धालुओं की कतार लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने परिवार के साथ नेजा चढ़ाए और आराधना की।

महानवमी का पर्व श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। तड़के तीन बजे से ही मैनपुरी-कुरावली मार्ग स्थित शीतला माता मंदिर में भक्तों की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। सुबह चार बजे दर्शन के लिए मंदिर के कपाट खुलते ही श्रद्धालु गेट से ही दर्शन-पूजन करने लगे। धूप, दीप, अगरबत्ती जला विधि-विधान मइया की आरती उतारी गई। माता रानी को महाप्रसाद का भोग लगा मनौतियां मांगी गईं। शहर के कचहरी रोड स्थित दुर्गा माता मंदिर, आवास विकास कालोनी स्थित गायत्री माता मंदिर, मुहल्ला कटरा स्थित देवी मंदिरों पर भी माता सिद्धिदात्री की उपासना कर आरती उतारी गई। देवी रोड स्थित काली माता मंदिर पर हवन का आयोजन कर माता का आह्वान किया गया। कन्याओं का पूजन कर लिया आशीर्वाद

नौ दिनों तक व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने नवमी पर माता का आह्वान कर कन्याओं का पूजन किया। पैरों में महावर लगाने के बाद कन्याओं का सिंगार कर चुनरी ओढ़ाई गई। बाद में हलवा, पूरी, खीर के साथ जलेवी और दही आदि मिठाइयों का प्रसाद परोसा गया। देवी मंदिरों के अलावा घरों में भी बड़ी संख्या में कन्याओं का पूजन कर उन्हें दान दिया गया। ग्रामीण इलाकों में अधिकांश भक्त ऐसे भी रहे जिन्होंने घरों में बोये गए जवारों के साथ पैदल शोभायात्रा निकाली और शीतला माता मंदिर में पहुंचकर उनका पूजन किया।

-

भंडारों की रही धूम, हजारों ने लिया प्रसाद

महानवमी पर शहर में कई स्थानों पर महाप्रसाद का वितरण कराया गया। शहर के शीतला माता धाम पर भंडारे हुए। काली माता की पूजा के बाद कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन परोसा गया। इसके बाद सभी कन्याओं को दक्षिणा देकर उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिए। भंडारे में सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

शिशुओं के हुए मुंडन

नवरात्र के आखिरी दिन महिलाओं ने स्वजन के साथ शिशुओं के मुंडन भी कराए। शीतला धाम में लगी कुछ दुकानों से खरीदारी भी हुई।

-

नेजा भी चढ़ाए गए-

शहर और देहात के भक्तों ने कामना पूरी होने पर शीतला धाम में नेजा चढ़ाए। महिलाओं ने मंगल गीत गाए और नाच-गाना किया।

chat bot
आपका साथी