राम मंदिर के निर्माण को तीन दिन में 80 लाख रुपये का संग्रह

विहिप क्षेत्रीय संगठन व प्रांत सह संगठन मंत्री ने प्रवास कर गतिविधियां देखीं। पत्रकारों से वार्ता में मंदिर निर्माण से संबंधित जानकारियां साझा की।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 05:00 AM (IST) Updated:Tue, 19 Jan 2021 05:00 AM (IST)
राम मंदिर के निर्माण को तीन दिन में 80 लाख रुपये का संग्रह
राम मंदिर के निर्माण को तीन दिन में 80 लाख रुपये का संग्रह

मैनपुरी, जासं। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए चलाए जा रहे निधि संग्रह अभियान की सक्रियता देखने के लिए विश्व हिदू परिषद के क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने जिले में प्रवास किया। तीन दिन में लगभग 80 लाख रुपये के संग्रह पर स्वयंसेवकों की पीठ थपथपाई गई।

सोमवार दोपहर को शहर के भांवत चौराहा स्थित विहिप के कार्यकारी जिलाध्यक्ष सुमित चौहान के आवास पर प्रवास की जानकारी देते हुए विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज ने कहा कि पूरे देश में राम मंदिर निधि संग्रह अभियान 28 जनवरी तक चलाया जाएगा, लेकिन बृज में 23 जनवरी तक ही अभियान को सौ फीसद पूरा करने का प्रण किया गया है। उन्होंने बताया कि रामभक्तों की टीम हर घर से संपर्क कर स्वेच्छा से मिलने वाली धनराशि जुटा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में तीन दिन में 80 लाख रुपये का संग्रह हुआ है।

प्रांत सह संगठन मंत्री आर्येंद्र ने कहा कि जिले का कार्य संतोषजनक है। जिस लगन से यहां के लोगों ने सहयोग दिया है, वह सराहनीय है। राम मंदिर के निर्माण के लिए संचालित इस अभियान में सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील की जा रही है। इस मौके पर सुशील यादव, कुसमरा के विभाग शारीरिक प्रमुख राहुल, सृजन चौहान आदि मौजूद थे।

अद्भुत होगी अयोध्या

क्षेत्रीय संगठन मंत्री ने कहा कि कुल 108 एकड़ में मंदिर निर्माण होगा। इस बडे़ भू-भाग में उन बलिदानियों की स्मारक बनवाई जाएंगे, जिन्होंने मंदिर निर्माण के लिए स्वयं को बलिदान किया है। यहां सीता रसोई का विस्तार होगा, ताकि यहां पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को निश्शुल्क भोजन के रूप में प्रसाद मिल सके। परिसर में ही ग्रंथालय का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें सभी भाषाओं में लिखी गईं रामायण को रखा जाएगा। हिदू संस्कृति से जुडे़ सभी प्रकार के साहित्य भी रखे जाएंगे। मंदिर निर्माण के लिए हुई खोदाई में जो अवशेष मिले हैं, उनके लिए विशेष संग्रहालय बनाया जाएगा। ओपन थियेटर, सेमीनार हाउस, इनडोर स्टेडियम, रिसर्च सेंटर के अलावा और भी बहुत कुछ निर्माण कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी