मास्क के लिए टोकने पर अस्पताल में हंगामा

सैंपलिग एरिया में जबरन घुसे लोग हाथापाई की आई नौबत विरोध करने पर भागे शरारती सैंपलिग टीम ने सुरक्षा के अभाव में काम करने से किया इनकार अस्पताल प्रशासन बेखबर

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 06:15 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 06:15 AM (IST)
मास्क के लिए टोकने पर अस्पताल में हंगामा
मास्क के लिए टोकने पर अस्पताल में हंगामा

जासं, मैनपुरी : मास्क के लिए टोकने पर शरारती तत्वों ने सैंपलिग एरिया में जमकर हंगामा काटा। चिकित्सक और सैंपलिग टीम के साथ अभद्रता की। अन्य स्टाफ के आने के बाद शरारती वहां से भाग निकले। अस्पताल प्रशासन द्वारा इस घटना पर संज्ञान न लेने से नाराज कर्मचारियों ने सुरक्षा के अभाव में काम करने से इंकार कर दिया। बाद में अस्पताल प्रशासन द्वारा आश्वासन दिए जाने पर काम शुरू किया।

कोरोना का संक्रमण बढ़ने के बाद जिला अस्पताल में पुरानी इमरजेंसी को सैंपलिग एरिया में तब्दील किया गया है। यहां होम्योपैथी चिकित्सालय के कमरे को खाली कराने के बाद संदिग्ध मरीजों की जांच से पहले आइडी जनरेट करने का काम किया जाता है। आइडी बनते ही दूसरे गेट से सैंपल लिए जाते हैं। मंगलवार की दोपहर दो युवक बगैर मास्क लगाए इनडोर वाले मेन गेट से सीधा सैंपलिग एरिया में पहुंच गए।

थोड़ी ही देर में दूसरे संदिग्धों की भी भीड़ उसी रास्ते से पहुंचने लगी। अचानक भीड़ को देख स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें वहां से बाहर जाने को कहा। इस पर भीड़ में शामिल बिना मास्क वाले लोग भड़क गए। चिकित्सक ने जब इसे गलत बताया तो लोगों ने गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। शोर सुनकर अन्य स्टाफ भी वहां पहुंच गया। जिसके बाद शरारती तत्व वहां से भाग गए। इस पूरे मामले की जानकारी अस्पताल प्रशासन द्वारा देर तक नहीं ली गई। जिससे नाराज कर्मचारियों ने साफ कर दिया है कि वे बगैर सुरक्षा व्यवस्था के सैंपल नहीं लेंगे। बाद में अस्पताल प्रशासन ने पुलिस से सुरक्षा मांगे जाने की बात कही, जिसके बाद कर्मचारी मान गए।

गायब हो जाते हैं होमगार्ड

निगरानी के लिए अस्पताल परिसर में दो होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है। ओपीडी सेवाओं के बंद होने के बाद एक को इमरजेंसी और दूसरे को सैंपलिग एरिया में सुरक्षा व्यवस्था देखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, लेकिन दोनों अक्सर गायब रहते हैं।

सीओ सिटी से सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाए जाने की मांग की गई है। यदि दो अन्य पुलिस कर्मी मिल जाएं तो व्यवस्था बेहतर ढंग से संचालित की जा सकती है। अस्पताल कैंपस में इमरजेंसी के अलावा सैंपलिग और वैक्सीनेशन का काम भी चल रहा है। ऐसे में सुरक्षा जरूरी है।

डा. अशोक कुमार

कार्यवाहक सीएमएस

जिला अस्पताल।

chat bot
आपका साथी