खेल जगत में चमक रहीं मैनपुरी जिले की बेटियां

जिले की बेटियां वालीबाल और क्रिकेट में पहचान बना रही हैं। खेल के क्षेत्र में नाम कमाने की तमन्ना है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 08 Mar 2021 04:19 AM (IST) Updated:Mon, 08 Mar 2021 04:19 AM (IST)
खेल जगत में चमक रहीं मैनपुरी जिले की बेटियां
खेल जगत में चमक रहीं मैनपुरी जिले की बेटियां

जासं, मैनपुरी: प्रतिभा किसी की मोहताज नहीं होती और इसे बंधन में भी नहीं बांधा जा सकता। इसका उदाहरण बनीं जिले की तीन बेटियां राष्ट्रीय क्षितिज पर चमक रही हैं। वालीबाल और क्रिकेट में पहचान बनाने की तमन्ना दिल में संजोने वाली बेटियां खेल के प्रति समर्पित हैं। किसान, शिक्षक और होमगार्ड की ये बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में प्रतिभा दिखा चुकी हैं।

मैनपुरी ब्लाक के गांव विनायकपुर निवासी रामनरेश यादव की बेटी वर्षा यादव जूनियर वालीबाल नेशनल में अपनी खेत प्रतिभा से कायल कर चुकी हैं। शहर के नेहरू स्टेडियम में कोच धीरेंद्र कुमार के सानिध्य में खेल की बारीकियां सीखने वाली वर्षा ने किशोर उम्र में मां निर्मला देवी की मौत के बाद भी खेल के प्रति जुनून को कम नहीं होने दिया। होमगार्ड पिता रामनरेश यादव की यह बेटी उत्तर प्रदेश की जूनियर टीम में खिलाड़ी के तौर पर आंध्र प्रदेश के कडप्पा में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर वालीबाल में प्रतिभाग कर चुकी हैं। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में टीम भले ही हारी हों, लेकिन वर्षा इसके बाद भी आगे और नाम कमाने में जुट गई है।

कुछ ऐसी ही पहचान सीनियर वालीबाल में गांव लोधीपुर निवासी प्रेम सिंह की बेटी पारितोष भी खेल से बना रही हैं। दो बार नेशनल वालीबाल खेलने वाली पारितोष दो साल पहले चेन्नई में खेल चुकी हैं तो दूसरा मुकाबला भुवनेश्वर उड़ीसा में बीते साल 25 दिसंबर को खेला था। जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक पिता की यह बेटी आज भी राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में नाम कमाने को बेताब है। सुबह से शाम तक खेल का ही अभ्यास करती है। ---

झारखंड की महिला टीम में है आभा

मैनपुरी के गांव दौलतपुर की आभा चौहान झारखंड महिला क्रिकेट टीम में शामिल होकर जिले की आभा बिखेर रहीं हैं। अंडर-19 टीम की सदस्य आभा झारखंड स्टेट के कई टूर्नामेंट में खेल चुकी हैं। अब वह राष्ट्रीय टीम में दावेदारी के लिए अभ्यास में जुटी हैं। बचपन में सचिन को क्रिकेट खेलते देखा तो किशोर उम्र में रोहित शर्मा प्रेरक बने। किसान सुभाष सिंह चौहान की यह बेटी मैनपुरी में अमनदीप यादव से क्रिकेट की बारीकियां सीख रही हैं। झारखंड में जेपीएल और वनडे टूर्नामेंट में आभा ने बेहतर प्रदर्शन किया था।

chat bot
आपका साथी