आक्सीजन की कमी से थमा ओवरब्रिजों का निर्माण

हाईवे बनाने वाली कंपनी को 20 दिन से आक्सीजन सिलेंडर नहीं मिला है। प्रशासन संक्रमित मरीजों के लिए आक्सीजन उपलब्ध कराने में जुटा है।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 12 May 2021 04:00 AM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 04:00 AM (IST)
आक्सीजन की कमी से थमा ओवरब्रिजों का निर्माण
आक्सीजन की कमी से थमा ओवरब्रिजों का निर्माण

संसू, भोगांव, मैनपुरी : कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए जरूरी आक्सीजन की कमी को पूरा करने के लिए प्रयास में जुटे प्रशासन की सख्ती के बाद अब आक्सीजन न मिल पाने के चलते हाईवे निर्माण का काम प्रभावित होने लगा है। प्राइवेट एजेंसी से आक्सीजन सिलेंडर लेने वाले ठेकेदारों को फिलहाल आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। आक्सीजन की कमी से हाईवे पर पुलों के निर्माण में मशीनों से बैल्डिग का कार्य रुक गया है।

जिले में जीटी रोड के चौड़ीकरण और उच्चीकरण की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। कुरावली-भोगांव और बेवर में बनने वाले बाइपास निर्माण के लिए बनाए जा रहे ओवरब्रिजों को बनाने का सिलसिला थम गया है। पुलों के निर्माण में लोहे की सरिया और अन्य कामकाज में बैल्डिग करने वाली मशीनों को आक्सीजन सिलेंडर बीते एक पखवाड़े से उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। मरीजों को आपूर्ति मुहैया कराने के लिए प्रशासन ने अन्य कामकाज के लिए इसकी आपूर्ति को फिलहाल ब्रेक लगा दिया है। प्रशासन की सख्ती के चलते आक्सीजन न मिलने से पुलों का निर्माण कार्य पूरी तरह थम गया है। काम रुक जाने से अब बाइपास को शुरू करने की प्रक्रिया भी प्रभावित होगी। निर्माण एजेंसी एपको को आक्सीजन की उपलब्धता के लिए जिला मुख्यालय पर फिलहाल चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। एपको के अधिकारियों के मुताबिक आक्सीजन सिलेंडर न मिल पाने से निर्माण कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। अधिकारियों ने बताया कि कोविड संक्रमण कम होने के बाद ही आक्सीजन की आपूर्ति मिलना संभव हो पाएगा। आपूर्ति मिलने के बाद पुलों का निर्माण तेजी से शुरू कराया जाएगा।

chat bot
आपका साथी