पौधों की छांव में जिदा रहेंगे 'साथी'

पर्यावरण संरक्षण को स्वास्थ्यकर्मियों की अनोखी पहल शुरू की है। कोरोना काल के दौरान रोपित पौधों को मृत साथियों का नाम दिया। साथ ही मिलकर पौधों के संरक्षण का निर्णय लिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 06 Jun 2021 05:04 AM (IST) Updated:Sun, 06 Jun 2021 05:04 AM (IST)
पौधों की छांव में जिदा रहेंगे 'साथी'
पौधों की छांव में जिदा रहेंगे 'साथी'

जासं, मैनपुरी : भले ही कोरोना मरीजों की सेवा करते-करते वो जान गंवा बैठे, लेकिन पौधों की छांव में हमेशा साथियों के दिलों में जिदा रहेंगे। पर्यावरण दिवस पर अनोखी पहल करते हुए स्वास्थ्यकर्मियों ने रोपे गए पौधों को कोरोना काल में जान गंवाने वाले साथियों का नाम दिया। एक-एक पौधे को स्वास्थ्यकर्मी द्वारा गोद लेकर देखरेख का संकल्प भी लिया गया।

विश्व पर्यावरण दिवस पर शनिवार की दोपहर जिला चिकित्सालय परिसर में स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा पौधरोपण कराया गया। सीएमएस डा. अरविद कुमार गर्ग की मौजूदगी में स्वास्थ्यकर्मियों ने अस्पताल परिसर, ब्लड बैंक परिसर के अलावा एल-2 आइसोलेशन अस्पताल के आसपास खाली जगी में पीपल, बरगद, आम के अलावा अशोक के पौधे रोपित किए। फलदार और छायादार पौधे भी लगाए गए। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा रोपे गए पौधों की सुरक्षा के लिए बनवाए गए ट्री गार्ड से उन्हें कवर किया। प्रत्येक ट्री गार्ड पर कोरोना से जान गंवाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों के नाम लिखवाए गए थे।

कर्मचारी संघ के सचिव एवं वरिष्ठ फार्मेसिस्ट शिवमंगल सिंह का कहना है कि यह एक सम्मान है, हमारे उन साथियों के लिए जिन्होंने कोविड ड्यूटी के दौरान लोगों की सेवा करते हुए अपनी जान दे दी थी। वे हम सबके बीच इस प्रकार हमेशा रहेंगे। पौधे बडे़ होकर जब वृक्ष बनेंगे तो साथियों के नाम और भी बडे़ ढंग से लिखवाए जाएंगे, ताकि यहां आने वाले लोगों को भी प्रेरणा मिल सके। पौधों की देखभाल हो, इसके लिए अस्पताल के प्रत्येक सदस्य द्वारा उन पौधों को गोद लिया गया है। अब यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। जिम्मेदारी होगी तो देखरेख भी होगी

जिला अस्पताल की स्टाफ नर्सों का कहना है कि उन्होंने भी पौधों को गोद लिया है। अलग-अलग शिफ्टों में वे अस्पताल में ड्यूटी पर रहती हैं। ऐसे में वे अपने-अपने समय पर पौधों की देखरेख करने के साथ उन्हें पानी भी दे सकेंगी। अन्य विभागों में भी लगे पौधे

शनिवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा अलग-अलग स्थानों पर पौधे रोपित किए गए। अधीक्षण अभियंता अतुल अग्रवाल के साथ अधिशासी अभियंता मागेंद्र अग्रवाल व जीसीएल भटनागर ने सर्किल कार्यालय परिसर में पौधरोपण किया। अधिशासी अभियंता आशीष गुप्ता ने करहल रोड स्थित उपकेंद्र पर पौधे लगाए। सभी उपकेंद्रों पर उपखंड अधिकारियों व अवर अभियंताओं द्वारा पौधरोपण किया गया। संघ ने किया पौधों का दान

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ द्वारा लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण गतिविधि का संचालन किया जा रहा है। शनिवार को कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार की गई पौध को प्रकृति प्रेमियों को दान किया गया। कार्यकर्ताओं ने अपील करते हुए कहा कि जो भी पौधे रोपे जाएं, उनकी देखरेख का जिम्मा भी उठाया जाए।

chat bot
आपका साथी