भाजपा नेता ने की आत्मदाह की कोशिश

जिलाध्यक्ष पर लगाया कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा कराने का आरोप जमीन को लेकर चल रहा है विवाद है अदालत में विचाराधीन है मामला

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 06:25 AM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 06:25 AM (IST)
भाजपा नेता ने की आत्मदाह की कोशिश
भाजपा नेता ने की आत्मदाह की कोशिश

संसू, कुसमरा (मैनपुरी): भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के नेता ने पार्टी जिलाध्यक्ष पर कब्रिस्तान की जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। अपने ऊपर डीजल उड़ेल कर आत्मदाह करने की भी कोशिश की। वहां मौजूद लोगों ने उन्हें रोक लिया। पुलिस ने भाजपा नेता और एक ग्रामीण को हिरासत में ले लिया है।

कुसमरा निवासी सहदेव सिंह चौहान और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ब्रज क्षेत्र के सदस्य जुबेर हसन अलवी में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसको लेकर मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जुबेर हसन अलवी इस जमीन को कब्रिस्तान की बता रहे हैं। जबकि सहदेव चौहान का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2004 में इस जमीन के स्वामी लतीफ बनाने, यूनिस, निजाम, असरफ अली और खुर्शीद से अपने नाम बैनामा कराया था।

शनिवार को सहदेव सिंह पक्ष ने इस जमीन पर बांस का टट्टर और तिरपाल तानकर झोपड़ी बना ली थी। रविवार दोपहर जुबेर हसन अलवी अपने स्वजन के साथ मौके पर पहुंच गए। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान पर सहदेव सिंह को संरक्षण देने और जमीन पर कब्जा कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे। इस दौरान उन्होंने भाई से डीजल मंगाकर अपने ऊपर उड़ेल कर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें रोक लिया।

इसी बीच सहदेव सिंह के पुत्र मनोज चौहान मौके पर पहुंच गए तो जुबेर हसन अलवी पक्ष की महिलाओं ने उन पर हमले की कोशिश की। झोपड़ी को गिराने का प्रयास किया। पुलिस ने जुबेर हसन अलवी और मनोज चौहान को हिरासत में ले लिया। एसओ किशनी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सहदेव सिंह पक्ष का कहना है कि जुबेर हसन अलवी इस मामले को अलग रंग देना चाहते हैं। आत्मदाह के लिए पहले से ही योजना बनाई गई थी। जमीन उन्होंने खरीदी है, कागजात भी हैं। वह इनको मानने को तैयार नहीं। बेवजह दबाव में लेने के लिए यह पूर्व नियोजित नाटक तैयार किया गया था। मेरा इस जमीनी विवाद से कोई वास्ता नहीं है, न किसी पक्ष को संरक्षण है। दोनों पक्षों में विवाद की जानकारी जरूर है, न्यायालय में मामला चल रहा है। इसका सम्मान करना चाहिए। वह ऐसे विवादों से दूर ही रहते हैं। प्रदीप चौहान, जिलाध्यक्ष।

chat bot
आपका साथी