अवैध संबंधों में हुई थी बीडीसी प्रत्याशी की हत्या

पांच दिन पहले बीडीसी प्रत्याशी की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफतार कर जेल भेज दिया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 19 Apr 2021 06:00 AM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 06:00 AM (IST)
अवैध संबंधों में हुई थी बीडीसी प्रत्याशी की हत्या
अवैध संबंधों में हुई थी बीडीसी प्रत्याशी की हत्या

जासं, मैनपुरी: पांच दिन पहले बीडीसी प्रत्याशी की हत्या अवैध संबंधों के चलते हुई थी। पुलिस ने घटना का राजफाश कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसने घटना को अंजाम देने की बात कुबूल की है। घटना के बाद से महिला गायब है। उसे तलाश किया जा रहा है।

शहर कोतवाली के गांव ललूपुर निवासी बीडीसी प्रत्याशी राकेश कुमार 14 अप्रैल की शाम चुनाव प्रचार के लिए घर से निकले थे, लेकिन रात को लौटकर घर नहीं आए। अगले दिन सुबह उनका शव गांव से कुछ दूर एक खेत में पड़ा मिला था। उनकी गर्दन और पेट पर चाकू से हमले के जख्म थे। पैंट घुटनों तक उतरी हई थी। घटना की रिपोर्ट मृतक के पुत्र धीरेंद्र ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ दर्ज कराई थी। स्वजन नें चुनावी रंजिश में हत्या से इन्कार किया था।

एसपी अविनाश पांडेय ने राजफाश करने के लिए चार टीमें लगाई थी। जांच के दौरान पता लगा कि गांव की एक महिला घटना के बाद से लापता चल रही है। पुलिस ने अपनी जांच की सुई को उसी ओर घुमाया। लापता महिला पांच बच्चों की मां है। महिला के बारे में पता लगाया गया, लेकिन उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। संदेह के आधार पर पुलिस ने महिला के परिवार के बादशाह को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो घटना पर पड़ा रहस्य का पर्दा हट गया।

इंस्पेक्टर कोतवाली भानुप्रताप सिह के मुताबिक पकड़े आरोपित बादशाह ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि मृतक राकेश के उसके परिवार की महिला के साथ अवैध संबंध थे। वह अवैध संबंधों का विरोध करता था। घटना वाली रात करीब नौ बजे मृतक राकेश महिला की झोपड़ी के पास से खांसता हुआ निकला। कुछ देर में महिला भी शौच जाने के बहाने उसी ओर चली गई। संदेह होने पर उसने पीछा किया तो खेत में महिला और राकेश आपत्तिजनक हालत में थे। यह देख उसका खून खौल गया। उसने राकेश के सिर पर डंडा से हमला कर दिया। राकेश ने भागने की कोशिश की तो चाकू से ताबड़तोड प्रहार कर दिए। राकेश वहीं गिर गया। इसी बीच महिला फरार हो गई। वह राकेश को वहीं छोड़ कर झोपड़ी में आ गया। पकड़े गए आरोपित के कब्जे से डंडा और चाकू पुलिस ने बरामद कर लिया है। उसे जेल भेजा गया है। इंस्पेक्टर कोतवाली ने बताया कि गायब महिला का भी पता लगाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी