प्रबुद्ध वर्ग साथ दे तो प्रदेश में दोबारा बनेगी भाजपा की सरकार: राज्यमंत्री

करहल में भाजपा के प्रबुद्धजन वर्ग सम्मेलन में बोले नगर विकास राज्यमंत्री कहा इस बार ज्यादा बहुमत से बनाएंगे सरकार

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Sep 2021 06:10 AM (IST) Updated:Mon, 13 Sep 2021 06:10 AM (IST)
प्रबुद्ध वर्ग साथ दे तो प्रदेश में दोबारा बनेगी भाजपा की सरकार: राज्यमंत्री
प्रबुद्ध वर्ग साथ दे तो प्रदेश में दोबारा बनेगी भाजपा की सरकार: राज्यमंत्री

संसू, करहल: प्रदेश के नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता ने भरोसा जताते हुए कहा कि प्रबुद्ध वर्ग पूरी तरह से पार्टी का साथ दे तो प्रदेश में भाजपा की सरकार दोबारा बनेगी। आगामी चुनावों में पार्टी ज्यादा बहुमत के साथ सत्ता संभालेगी।

वह रविवार को ब्लाक सभागार में आयोजित भाजपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आप लोग 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी का पूरी तरह से साथ दें। हमारी पार्टी का कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मजबूती से कार्य कर रहा है, इसमें भी आप लोग कार्यकर्ताओं को पूरा सहयोग दें। विधानसभा चुनाव के समय विरोधी दल देखते ही रह जाएंगे, पार्टी की सरकार दोबारा बड़े बहुमत के साथ वापसी करेगी।

राज्यमंत्री ने अच्छा सोचो-अच्छा होगा, आज नहीं तो कल होगा का मंत्र देते हुए कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सबसे अधिक आवास मुस्लिम समुदाय को बिना भेदभाव के दिए हैं। आज आठ-आठ पार्टियों के नेता विकास के नाम पर जनता को ठगने का काम करने आ रहे हैं, लेकिन मोदी व योगी की सरकार ने सबका साथ सबका विकास के नारे को सार्थक करते हुए विकास की गंगा बहाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बूथ अध्यक्ष इतना मजबूत है, उससे अन्य पार्टियां जीत नहीं पाएंगी। कांग्रेस सरकार में हम गोला बारूद के लिए दूसरों पर निर्भर थे। आज यह सारे उपकरण भारत में ही बन रहे हैं और देश का नाम ऊंचा हो रहा है। उन्होंने पूर्व चेयरमैन संजीव यादव को सम्मानित किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने कहा कि जिस तरीके से कांग्रेस ने 70 साल में देश को बर्बाद करने का काम किया है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में परिवारवाद के माध्यम से प्रदेश को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने बर्बाद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने जब कमान पकड़ी थी, तब समाजवादी पार्टी के 38 सांसद थे अब सपा के केवल परिवार के लोग ही जीत कर आए हैं। इससे साबित होता है अखिलेश यादव को नेतृत्व करने का अनुभव नहीं है।

इस मौके पर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी बलवीर सिंह, विधानसभा क्षेत्र के संयोजक संजीव यादव, विधानसभा क्षेत्र के सह संयोजक विमल कुमार पांडेय आदि ने संबोधित किया। भाजपा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में डा. सुमित चौहान, प्रशांत यादव, पंकज भदौरिया, राकेश चंदेल, शरद चतुर्वेदी मौजूद रहे। अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य नरेश चंद्र भटेले ने और संचालन डा. विमल पांडे ने किया। इससे पूर्व विधानसभा क्षेत्र के संयोजक संजीव यादव ने नगर विकास राज्यमंत्री महेश गुप्ता को स्मृति चिह्न देकर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। अन्य अतिथियों को भी स्मृति चिन्ह देकर शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

chat bot
आपका साथी